home page

जोजरी नदी प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट की टीम ने किया निरीक्षण

 | 
जोजरी नदी प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट की टीम ने किया निरीक्षण


नदी में फैल रहे प्रदूषण के स्रोतों और प्रभाव की जानकारी ली

जोधपुर, 22 मार्च (हि.स.)। निकटवर्ती डोली एवं अराबा क्षेत्र में आज जोजरी नदी के बढ़ते प्रदूषण को लेकर उच्‍चतम न्‍यायालय के पूर्व न्यायाधीश के नेतृत्व में जोधपुर-बालोतरा की संयुक्त टीम ने दौरा कर नदी के प्रदूषित जल एवं आसपास के इलाकों का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने नदी में फैल रहे प्रदूषण के स्रोतों, जल की गुणवत्ता तथा इसके पर्यावरण और आमजन पर पड़ रहे प्रभावों का विस्तृत जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों से भी जानकारी ली और स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान आरएलपी नेता थान सिंह डोली भी मौके पर उपस्थित रहे। उन्होंने टीम को क्षेत्र की वास्तविक स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि जोजरी नदी में लगातार बढ़ रहा प्रदूषण स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदूषित जल के कारण न केवल पर्यावरण प्रभावित हो रहा है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं। टीम ने आश्वासन दिया कि निरीक्षण के आधार पर उचित कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश