फायर फाइटर्स के समर्थन में दिया धरना
नियमित करने व आगजनी में जान गंवाने पर शहीद का दर्जा देने की मांग
जोधपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। गत दिनों एक फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड में झुलसे व जान गंवाने वाले फायर फाइटर्स के समर्थन में आज समस्त ठेका/संविदा अग्निशमन कर्मचरियों व अन्य लोगों ने कलेक्ट्रेट के बाहर धरना दिया और जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें रखी।
ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग को बुझाने के दौरान अचानक हुए विस्फोट में ठेका अग्निशमन कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए तथा तीन कर्मचारियों की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इन कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने एवं आमजन की सुरक्षा के लिए कार्य करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। इस हृदयविदारक घटना से मृतक कर्मचारियों के परिवारों के सामने आर्थिक संकट एवं भविष्य की गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है तथा घायल कर्मचारियों को भी शारीरिक एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में जान गंवाने वाले तीनों कर्मचारियों को शहीद का दर्जा देते हुए उनके परिवारों को 1 करोड़ रुपये का आर्थिक मुआवजा प्रदान करने तथा उनके एक पात्र आश्रित सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई।
वहीं आग की घटना में घायल कर्मचारियों को नि:शुल्क पूर्ण उपचार, 50 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा एवं आवश्यक सहायता प्रदान करने, वर्षों से लगातार अग्निशमन विभाग में कार्यरत सभी ठेका/संविदा अग्निशमन कर्मचारियों को उनकी सेवा अवधि एवं अनुभव को ध्यान में रखते हुए नियमित करने, नियमितीकरण होने तक सभी कर्मचारियों की सेवा निरंतर एवं सुरक्षित रखने, सभी ठेका अग्निशमन कर्मचारियों का पर्याप्त दुर्घटना एवं जीवन बीमा करवाने, कोरोना महामारी के दौरान की गई सेवाओं तथा वर्षों की जोखिमपूर्ण सेवा को कर्मचारियों के सेवा अनुभव के रूप में विशेष महत्व देने, ठेका कर्मचारियों के वेतन एवं सेवा शर्तों की नियमित जांच करने, वेतन-मानदेय बढ़ाकर उचित एवं सम्मानजनक पारिश्रमिक निर्धारित करने की भी मांग की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

