home page

ग्रहों के राजा सूर्य देव 15 मार्च को बदलेंगे अपनी चाल

 | 
ग्रहों के राजा सूर्य देव 15 मार्च को बदलेंगे अपनी चाल


जयपुर, 06 मार्च (हि.स.)। ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों के राजा माने जाने वाले सूर्य देव 15 मार्च को अपनी चाल बदलने जा रहे हैं। सूर्य रात 01: 08 बजे कुंभ राशि से निकलकर देवगुरु बृहस्पति की राशि मीन में प्रवेश करेंगे। सूर्य का यह गोचर 14 अप्रैल की सुबह 09:38 बजे तक मीन राशि में रहेगा।

पंडित राजेश शर्मा के अनुसार सूर्य आत्मविश्वास, सत्ता, नेतृत्व और प्राण शक्ति का प्रतीक है, जबकि मीन राशि करुणा, कल्पना, आध्यात्मिकता और संवेदनशीलता की प्रतिनिधि है। जब सूर्य की तेजस्वी ऊर्जा मीन की कोमल प्रकृति से मिलती है, तब यह समय व्यक्ति को तार्किक बुद्धि के साथ-साथ अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने के लिए प्रेरित करता है। इस अवधि में लोग अधिक भावुक, सृजनात्मक और आध्यात्मिक महसूस कर सकते हैं। साथ ही यह समय मानसिक थकान को दूर कर भावनात्मक रूप से स्वयं को संतुलित करने के लिए भी अनुकूल माना जाता है।

यह गोचर विशेष रूप से सात राशियों के लिए शुभ परिणाम देने वाला साबित हो सकता है। इन राशियों के जातकों के रुके हुए कार्य पूरे होने, करियर में प्रगति मिलने और आर्थिक स्थिति मजबूत होने के संकेत मिल रहे हैं।

इन राशियों को मिल सकता है विशेष लाभ

वृषभ राशि: सूर्य का गोचर आपके लाभ भाव में होगा। आय के नए स्रोत बन सकते हैं और लंबे समय से अटका हुआ धन वापस मिलने की संभावना है। सामाजिक प्रतिष्ठा में भी वृद्धि होगी।

मिथुन राशि: कार्यक्षेत्र में आपकी नेतृत्व क्षमता की सराहना होगी। यदि आप नौकरी परिवर्तन का विचार कर रहे हैं, तो यह समय अनुकूल साबित हो सकता है। अधिकारियों का सहयोग मिलेगा।

कर्क राशि: भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। धार्मिक यात्राओं के योग बनेंगे और विदेश से जुड़े कार्यों में सफलता मिलने की संभावना है।

वृश्चिक राशि: शिक्षा, रचनात्मक कार्यों और प्रेम संबंधों के लिए यह समय अनुकूल रहेगा। कला और सृजनात्मक क्षेत्रों से जुड़े लोगों को बड़ा प्रोजेक्ट या सम्मान मिल सकता है।

धनु राशि: सुख-सुविधाओं में वृद्धि के योग बनेंगे। नया घर या वाहन खरीदने का सपना साकार हो सकता है। परिवार, विशेषकर माता के साथ संबंधों में सुधार आएगा।

कुंभ राशि: आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। निवेश से अच्छा लाभ मिलने की संभावना है। आपकी वाणी का प्रभाव लोगों पर पड़ेगा और रुके हुए कार्य पूरे होंगे।

मीन राशि: सूर्य के आपकी ही राशि में प्रवेश करने से आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा। आत्मविश्वास बढ़ेगा और आप नई ऊर्जा के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ेंगे।

दान-पुण्य से संवरेगी किस्मत: मीन राशि जल तत्व की राशि है, इसलिए इस गोचर के दौरान दान-पुण्य, ध्यान और आध्यात्मिक साधना का विशेष महत्व रहेगा। यह समय मानसिक स्पष्टता प्रदान करने वाला माना जाता है। विशेष रूप से कला, चिकित्सा और समाज सेवा से जुड़े लोगों के लिए यह अवधि नई उपलब्धियों और सकारात्मक बदलाव का मार्ग प्रशस्त कर सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश