home page

उत्तर पश्चिम रेलवे परामर्शदात्री समिति की बैठक, चित्तौड़गढ़ को उदयपुर मंडल में शामिल करने की मांग

 | 
उत्तर पश्चिम रेलवे परामर्शदात्री समिति की बैठक, चित्तौड़गढ़ को उदयपुर मंडल में शामिल करने की मांग


चित्तौड़गढ़, 21 मई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे जोन की 22वीं क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक बुधवार को जयपुर मुख्यालय में हुई। बैठक महाप्रबंधक अमिताभ और उप महाप्रबंधक शशांक की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में चित्तौड़गढ़ से समिति सदस्य डॉ. सुभाष शर्मा ने चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन को रतलाम मंडल से हटा कर प्रस्तावित उदयपुर मंडल में शामिल करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ राजस्थान में स्थित है और उदयपुर संभाग का हिस्सा है, इसलिए इसे उदयपुर मंडल में होना चाहिए। इसके अलावा शर्मा ने राजस्थान के प्रमुख स्टेशनों और प्लेटफॉर्म पर वृद्ध एवं दिव्यांगजन की सुविधा के लिए समतल मूविंग वॉक-वे (ट्रेवलेटर) लगाने का सुझाव दिया। इसके अलावा बताया कि अजमेर-चंदेरिया रेल दोहरीकरण का जो कार्य प्रगति पर है, उदयपुर से अहमदाबाद रेलमार्ग के विद्युतीकरण पूर्ण होने से इस मार्ग पर शीघ्र ही ट्रेनों के संचालन में बढ़ोतरी होगी। अतः ट्रेनों के समयबद्ध संचालन के लिए चंदेरिया से देबारी मार्ग का भी दोहरीकरण किया जाना आवश्यक है। वर्तमान में संचालित हो रहे दोहरीकरण के कार्य में किसानो की भूमि अवाप्त हो रही है उनमें अनेक किसानों को आपत्ति है की उनकी भूमि राष्ट्रीय राजमार्ग से 200 मीटर की दूरी पर है, जबकि अवाप्ति में 200-500 मीटर दूरी में दर्शाया गया है। ऐसे में किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है अतः इसका निराकरण समय पर किया जाए। ट्रेन संख्या 20993/94 जयपुर उदयपुर सिटी एक्सप्रेस में 2 एस श्रेणी आरक्षित सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं है अतः पीपीपी मॉड पर वाटर एटीएम वेडिंग मशीन लगाई जाए। पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन जिसे आरटीडीसी संचालित करता है और उसका चित्तौड़ में ठहराव तो है पर चित्तौड़ के नाम से कोच नहीं है अतः उसमे चित्तौड़ के नाम से एक कॉच शामिल किया जाए। इस बैठक में जयपुर सांसद राव राजेन्द्र सिंह, सांसद मंजू शर्मा, सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, डॉ. सुभाष शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल