home page

घाना के मरीज का जयपुर में सफल डबल हिप रिप्लेसमेंट

 | 
घाना के मरीज का जयपुर में सफल डबल हिप रिप्लेसमेंट


जयपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। एपेक्स हॉस्पिटल्स, मालवीय नगर में घाना से आए सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित मरीज का सफल डबल हिप रिप्लेसमेंट कर उसे नया जीवन दिया गया। वरिष्ठ रोबोटिक जॉइंट सर्जन डॉ. आशीष राणा और उनकी टीम ने यह जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की।

डॉ. राणा ने बताया कि मरीज दोनों कूल्हों में ग्रेड-4 एवास्कुलर नेक्रोसिस और गंभीर आर्थराइटिस से पीड़ित था, जिससे उसका चलना-फिरना तक मुश्किल हो गया था। सिकल सेल एनीमिया के कारण सर्जरी का जोखिम भी अधिक था। इसे देखते हुए ऑपरेशन से पहले एक्सचेंज ब्लड ट्रांसफ्यूजन कर जोखिम कम किया गया।

उपचार के दौरान पहले एक कूल्हे का प्रत्यारोपण किया गया और 10 दिन बाद दूसरे कूल्हे का सफल ऑपरेशन किया गया। पूरी प्रक्रिया में हेमेटोलॉजिस्ट डॉ. आशीष वर्मा और फिजियोथेरेपी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

करीब सवा महीने के उपचार के बाद मरीज अब वॉकर के सहारे चलने लगा है और उसका दर्द पूरी तरह समाप्त हो चुका है। चिकित्सकों का कहना है कि जल्द ही वह बिना किसी सहारे के सामान्य रूप से चल सकेगा। डॉ. राणा ने कहा कि अनुभवी टीम, समुचित तैयारी और समन्वित उपचार से जटिल मरीजों को भी बेहतर जीवन दिया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश