home page

एआई के दास नहीं, स्वामी बनें विद्यार्थी — प्रो. देवनानी

 | 
एआई के दास नहीं, स्वामी बनें विद्यार्थी — प्रो. देवनानी


उदयपुर, 09 मई (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष प्रो. वासुदेव देवनानी ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को अज्ञान, भय, दुर्बलता और सीमाओं से मुक्त करती है। विद्यार्थियों को तकनीक का उपयोग करते हुए एआई का दास नहीं बल्कि उसका स्वामी बनना चाहिए, क्योंकि एआई केवल सूचना दे सकता है, उसमें संवेदनाएं, करुणा और चरित्र नहीं होते।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी शनिवार को विद्या भवन समिति द्वारा विद्या भवन ऑडिटोरियम में आयोजित उत्कृष्ट विद्यार्थी सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अंग्रेजी शासन काल में जब उदयपुर क्षेत्र में शिक्षा का अभाव था, तब स्वर्गीय मोहन सिंह मेहता और स्वर्गीय जनार्दन राय नागर ने अपने प्रयासों से विद्या भवन एवं राजस्थान विद्यापीठ जैसी संस्थाओं की स्थापना की। आज ये संस्थाएं दक्षिणी राजस्थान में शिक्षा के मजबूत स्तंभ के रूप में स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि विद्या भवन की वर्तमान कार्यकारिणी समयानुकूल परिवर्तन और संवर्धन करते हुए संस्थान को नई दिशा दे रही है। गौरवशाली अतीत की मजबूत नींव पर बेहतर वर्तमान तैयार किया जा रहा है, जो उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करेगा।

उन्होंने दसवीं एवं बारहवीं कक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले संभागभर से आए दो सौ से अधिक विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद के संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। साथ ही संस्कार, संस्कृति और सनातन मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की बात कही।

प्रो. देवनानी ने विद्यार्थियों को पांच “डी” — डेकोरम, डिसिप्लिन, डिवोशन, डिटरमिनेशन और डेवलपमेंट — का महत्व भी समझाया। उन्होंने कहा कि कर्म और भाग्य जीवन की दो चाबियां हैं, जिनके समन्वय से सफलता का द्वार खुलता है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्या भवन समिति अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र तायलिया ने समिति की गतिविधियों की जानकारी दी। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने विद्यार्थियों को अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए माता-पिता का मार्गदर्शन अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।

समारोह में मुख्य संचालक राजेंद्र भट्ट, विद्याभवन पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के प्रिंसिपल डॉ. अनिल मेहता, कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. प्रफुल्ल भटनागर सहित समिति सदस्य, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता