home page

कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई की पहल से विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

 | 
कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई की पहल से विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ


बीकानेर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर में विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रवेश के अवसरों का विस्तार किया गया है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई की पहल पर कला एवं वाणिज्य संकाय में सीटों की संख्या 40 से बढ़ाकर 60 तथा विज्ञान संकाय में 20 से बढ़ाकर 40 कर दी गई है। सीटों में इस वृद्धि से अधिक विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने का अवसर मिलेगा और उच्च शिक्षा प्राप्त करने की उनकी संभावनाएं बढ़ेंगी।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी उमेश शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन के इस निर्णय से विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को लाभ होगा, जो सीमित सीटों के कारण प्रवेश से वंचित रह जाते थे। सीटों की संख्या बढ़ने से विद्यार्थियों को अपनी रुचि के विषयों में अध्ययन करने के अधिक अवसर मिल सकेंगे।

इसके साथ ही विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा प्रदान करने की दिशा में साइबर सिक्योरिटी पाठ्यक्रम भी शुरू किया गया है। वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित ज्ञान एवं कौशल अर्जित करने का अवसर प्रदान करेगा। इससे विद्यार्थियों को भविष्य में रोजगार और करियर के नए विकल्पों के लिए तैयार होने में भी सहायता मिलेगी।

कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई के नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को अधिक शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने तथा बदलती तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित करने की दिशा में किए गए ये प्रयास उच्च शिक्षा के विस्तार और गुणवत्ता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव