नए सत्र में छात्रसंघ चुनाव पर होगी फिर चर्चा: उप मुख्यमंत्री बैरवा
अजमेर, 24 मार्च (हि.स.)। राजस्थान के उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा है कि महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव को लेकर नए शैक्षणिक सत्र में पुनः चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
बैरवा मंगलवार को अजमेर में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। वे एक कार्यक्रम में भाग लेने सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय पहुंचे थे। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष अंकित घारू के नेतृत्व में छात्रों ने मदस विश्वविद्यालय में कथित परीक्षा एवं अन्य अनियमितताओं को लेकर ज्ञापन देने का प्रयास किया। छात्र कॉलेज गेट पर एकत्रित हुए, जहां पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर छात्र नेता को हिरासत में लेकर क्लॉक टावर थाना ले जाया। घटना के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश नेता डॉ. सुनील लारा ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से छात्रों के हितों की बात रखने पर इस प्रकार की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सार्वजनिक माफी की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

