home page

पानी के हौद में डूबने से निजी स्कूल के छात्र की मौत

 | 
पानी के हौद में डूबने से निजी स्कूल के छात्र की मौत


जोधपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। देचू थाना क्षेत्र में सनराइज पब्लिक स्कूल के पास पानी के हौद में डूबने से 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ता था और वहीं हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर देचू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस प्रथम दृष्टया पानी में डूबने से मौत होना मान रही है। हालांकि, छात्र किन परिस्थितियों में हौद तक पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार जैसलमेर जिले के डेलासर गांव निवासी श्रवण सिंह का शव स्कूल के पास स्थित पानी के हौद में मिला। छात्र हौद में नहाने गया था। घटना का पता चलने पर स्कूल संचालक ने छात्र को हौद से बाहर निकलवाया। इसके बाद उसे देचू उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्कूल परिसर और अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र के ननिहाल खियासरिया से ग्रामीण स्कूल और अस्पताल पहुंचे। देचू थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि श्रवण सिंह हॉस्टल से कब बाहर निकला और किन परिस्थितियों में पानी के हौद तक पहुंचा।

साथ ही, घटना के समय वहां क्या परिस्थितियां थीं, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का लग रहा है। हालांकि, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश