home page

आपातकाल में लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष लोकतंत्र रक्षा की ऐतिहासिक गाथा : मुख्यमंत्री

 | 
आपातकाल में लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष लोकतंत्र रक्षा की ऐतिहासिक गाथा : मुख्यमंत्री


जयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आपातकाल के दौर में लोकतंत्र सेनानियों ने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह देश के लोकतांत्रिक इतिहास की महत्वपूर्ण गाथा है। उनका त्याग, समर्पण और संघर्ष आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानी अपने जीवन के अनुभव नई पीढ़ी के साथ साझा करें, ताकि युवा लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व को समझकर इनके संरक्षण के लिए आगे आएं।

मुख्यमंत्री बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अनेक पीढ़ियों के बलिदान और संघर्ष के बाद देश को आजादी मिली। इसी तरह आपातकाल के समय लोकतंत्र सेनानियों ने राष्ट्रहित में कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा की। उनके संघर्ष और तपस्या ने राष्ट्रवाद की विचारधारा को मजबूत आधार प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को यह जानना जरूरी है कि उसे जो लोकतांत्रिक व्यवस्था सहज रूप से प्राप्त हुई है, उसके पीछे लोकतंत्र सेनानियों का त्याग और संघर्ष छिपा है। इस इतिहास की जानकारी युवाओं को लोकतंत्र के महत्व को समझने और उसके संरक्षण की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों से अपने जीवन के अनुभवों को लिखित रूप में दर्ज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौर को प्रत्यक्ष रूप से देखने और सहने वाली पीढ़ी के अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। राज्य सरकार भी लोकतंत्र सेनानियों के योगदान और संघर्ष को संरक्षित करने का कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानी समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने के लिए राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद करें। इससे सुशासन, विकास और सामाजिक संवेदना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की भावना मजबूत होगी। साथ ही कठिन परिस्थितियों में व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर राष्ट्र के लिए योगदान देने का भाव भी विकसित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है, गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं का विस्तार हुआ है तथा वैश्विक मंच पर भारत का गौरव बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने जिस राष्ट्र निर्माण का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों की पीढ़ी ने आपातकाल जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को देखा और सहा है। इसलिए उनके पास समाज और राष्ट्र को दिशा देने का महत्वपूर्ण अनुभव है। प्रदेश को उनके अनुभवों और मार्गदर्शन का लाभ मिलना चाहिए।

समारोह में विधायक गोपाल शर्मा, पूर्व सांसद राजेंद्र गहलोत सहित बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित