home page

जीवन में उत्कृष्टता के लिए प्रतिदिन करें प्रयास : प्रो. रमेश अरोड़ा

 | 
जीवन में उत्कृष्टता के लिए प्रतिदिन करें प्रयास : प्रो. रमेश अरोड़ा


जयपुर, 23 जून (हि.स.)। शिक्षाविद् एवं प्रेरक वक्ता प्रो. डॉ. रमेश अरोड़ा ने कहा कि जीवन में उत्कृष्टता एक निरंतर यात्रा है और प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन के दो दिन सबसे महत्वपूर्ण होते हैं—जन्म का दिन और वह दिन जब व्यक्ति अपने जीवन का उद्देश्य जान लेता है।

वह आदर्श विद्या मंदिर सीबीएसई इंग्लिश मीडियम के कंप्यूटेक्स ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेरक सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जीवन को इंद्रधनुष की तरह बताते हुए शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, आध्यात्मिक-नैतिक, पारिवारिक, सामाजिक और व्यावसायिक विकास को जीवन के सात रंग बताया।

प्रो. अरोड़ा ने स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच, आत्म मूल्यांकन और धैर्य के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि व्यक्ति को अपने इष्ट के प्रति अटूट आस्था रखनी चाहिए। भगवान में विश्वास नैतिकता, धैर्य और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति देता है। उन्होंने रिश्तों में प्रेम और त्याग की भावना बनाए रखने तथा समाज सेवा के लिए समय और संसाधन समर्पित करने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रबंध समिति के अजय गुप्ता ने विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। सीबीएसई प्रधानाचार्य सुनयना नागपाल ने कहा कि प्रो. अरोड़ा के विचार विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होंगे। अंत में प्रधानाचार्य राजेंद्र गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वंदना मेहरोत्रा, राजीव गुप्ता, राजन सिंह, तुलसी संगतानी, पं. राज शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे। प्रतिभागियों को ‘विजयी व्यक्तित्व’ पुस्तक भी भेंट की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश