पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: डोटासरा
जयपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव में टिकट वितरण के बाद सामने आई बगावत और नाम वापसी के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पार्टी का रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में न उतरें। पार्टी में जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों के लिए अनुशासन सर्वोपरि है।
डोटासरा ने कहा कि पार्टी ने बागियों को समझाने का प्रयास किया है। इसके बावजूद यदि कोई पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर चुनाव लड़ता है तो कांग्रेस की अनुशासन समिति उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि इस बार निकाय चुनाव में सभी नेताओं ने मिलकर काम किया है और बड़ी संख्या में टिकट वितरित किए गए हैं। कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह है। डोटासरा ने दावा किया कि कांग्रेस ने इस बार सबसे ज्यादा टिकट वितरित किए हैं और चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी जीतकर आएंगे। उन्होंने प्रदेश में सबसे ज्यादा नगर निकाय बोर्ड कांग्रेस के बनने का भी दावा किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

