home page

अमानक उर्वरक-बीज पर सख्ती: 2220 नमूने फेल, 117 एफआईआर और 33 गिरफ्तारियां

 | 
अमानक उर्वरक-बीज पर सख्ती: 2220 नमूने फेल, 117 एफआईआर और 33 गिरफ्तारियां


जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार सख्त निगरानी कर रही है। निरीक्षकों द्वारा समय-समय पर नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाती है और अमानक पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ जब्ती, एफआईआर, बिक्री पर रोक तथा लाइसेंस निलंबन और निरस्तीकरण जैसी कार्रवाई की जाती है।

प्रश्नकाल के दौरान हरीश चौधरी द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के जवाब में कृषि मंत्री ने बताया कि कृषि आदानों की जांच क्षमता बढ़ाई गई है। राज्य सरकार ने वर्ष 2024-25 में 59 हजार नमूनों की वार्षिक विश्लेषण क्षमता को बढ़ाकर वर्ष 2025-26 में लगभग 29 प्रतिशत वृद्धि के साथ 76 हजार 250 नमूने प्रतिवर्ष कर दिया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 में जनवरी 2026 तक प्रदेश में उर्वरक, बीज और कीटनाशकों के लिए लिए गए नमूनों में से कुल 2220 नमूने अमानक पाए गए हैं। इन मामलों में अब तक 466 प्रकरणों में न्यायालय में वाद दायर किए जा चुके हैं।

कृषि मंत्री ने बताया कि अब तक 117 मामलों में एफआईआर दर्ज हुई हैं, जबकि 33 मामलों में गिरफ्तारियां की गई हैं। इसके अलावा 27 मामलों में चालान, 39 लाइसेंस निरस्त, 215 लाइसेंस निलंबित और 128 मामलों में जब्ती की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए गुणवत्ता नियंत्रण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत निरीक्षक कृषि आदान निर्माण इकाइयों और विक्रेताओं का निरीक्षण कर नमूने लेते हैं, जिनका विश्लेषण राज्य की अधिसूचित परीक्षण प्रयोगशालाओं में कराया जाता है। परिणामों के आधार पर संबंधित अधिनियमों और नियंत्रण आदेशों के तहत कार्रवाई की जाती है।

कृषि मंत्री ने बताया कि फसल मौसम से पहले विभाग विशेष गुणवत्ता नियंत्रण अभियान भी चलाता है, जिससे बाजार में उपलब्ध उर्वरक, बीज और कीटनाशकों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित