home page

कुएं से आई अजीब आवाज, अंदर झांका तो दिखा लेपर्ड; एक घंटे के रेस्क्यू के बाद जंगल में लौटा

 | 
कुएं से आई अजीब आवाज, अंदर झांका तो दिखा लेपर्ड; एक घंटे के रेस्क्यू के बाद जंगल में लौटा


प्रतापगढ़, 23 अगस्त (हि.स.)। बसेड़ी कुंडाल गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत पर पहुंचे किसान को कुएं से अजीब आवाज सुनाई दी। आवाज का पता लगाने के लिए किसान ने कुएं में झांका तो अंदर लेपर्ड दिखाई दिया। कुएं में लेपर्ड गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। बाद में वन विभाग की टीम को सूचना दी गई। वन विभाग और ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद लेपर्ड को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया।

ग्रामीण प्रेम सिंह ने बताया कि लेपर्ड शाम के समय ही कुएं में गिर गया था। वह रोजाना की तरह खेत पर पहुंचा था। इसी दौरान उसे कुएं के अंदर से अजीब आवाज सुनाई दी। कुएं में झांककर देखा तो वहां लेपर्ड नजर आया। इसके बाद उसने लेपर्ड का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया समूह में डालने के साथ आसपास के ग्रामीणों को भी सूचना दी।

कुछ ही देर में कुएं के आसपास ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग लेपर्ड को देखने के लिए बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रताप सिंह चुंडावत ने बताया कि बसेड़ी कुंडाल गांव में लेपर्ड के कुएं में गिरने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उपवन संरक्षक एवं सहायक वन संरक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशानुसार रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

वन कर्मियों ने सावधानीपूर्वक पिंजरे की मदद से लेपर्ड को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लेपर्ड को सुरक्षित पिंजरे में पहुंचाया गया और फिर कुएं से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार कुएं से सुरक्षित निकाले गए लेपर्ड का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। उसकी शारीरिक स्थिति की जांच के बाद वन विभाग के नियमानुसार उसे सुरक्षित स्थान पर जंगल में छोड़ दिया जाएगा। समय रहते ग्रामीणों की सूचना और वन विभाग की तत्परता से लेपर्ड को सुरक्षित बचा लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित