home page

अजमेर में राष्ट्रीय कथावाचक किरीट भाई ने मांगी माफी

 | 
अजमेर में राष्ट्रीय कथावाचक किरीट भाई ने मांगी माफी


खाटू श्याम भक्तों के विरोध का करना पड़ा सामना, बाबा खाटू श्याम के प्रति की थी अनुचित टिप्पणी

अजमेर, 21 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्तर के कथा वाचक किरीट भाई को बाबा खाटू श्याम के खिलाफ अनुचित टिप्पणी करने पर मंगलवार को अजमेर में खाटू श्याम भक्तों के जबरदस्त विरोध का सामने करना पड़ा। किरीट भाई ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और क्षमा याचना की और खाटू श्याम मंदिर जाकर नाक रगड़ने के लिए कहा। किन्तु श्याम भक्त उनके कथनों से संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने कहा कि किरीट भाई को आगामी कार्यक्रम जयपुर सहित जहां जहां भी होगा उसमें भी उनका जबरदस्त विरोध किया जाएगा।

अजमेर के जाने माने गायक और बाबा खाटूश्याम भक्त विमल गर्ग ने मीडिया को बताया कि किरीट भाई का ज्ञान अधूरा है। उन्होंने मिथ्या वाहवाही के लिए अपना अधूरा ज्ञान श्याम भक्तों के आगे परोस दिया। उन्होंने तो सभी श्याम भक्तों के आगे स्वीकार भी किया कि वे संत नहीं है।

विमल गर्ग ने बताया कि किरीट भाई गुरु पूर्णिमा के मौके पर अजमेर के जवाहर रंगमंच में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने बाबा खाटू श्याम को राक्षस का बेटा राक्षस बताया। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि उनका तो कोई मंदिर भी होना नहीं चाहिए। जैसे अग्रवाल का बेटा अग्रवाल ही होता है, वैसे ही राक्षस का बेटा राक्षस ही हुआ। अग्रवाल का बेटा गुप्ता नहीं हो सकता तो राक्षस का बेटा भगवान कैसे हो सकता है। उसका मंदिर कैसे हो सकता है? विमल गर्ग ने बताया कि उन्होंने यह टिप्पणी स्कंधपुराण में वर्णित जानकारी के आधार पर श्याम भक्तों को कही। इस तरह की अनुचित टिप्पणी करने पर वहां मौजूद श्याम भक्तों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने कार्यक्रम का ना सिर्फ बहिष्कार किया अपितु किरीट भाई से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने पर अड़ गए। आखिर किरीट भाई ने मीडिया के सामने कैमरे पर आकर दुनियाभर के श्याम भक्तों से एवं भगवान श्रीकृष्ण से माफी मांगी। किन्तु जब श्याम भक्तों ने कहा कि वे बाबा खाटू श्याम के मंदिर पर जाकर नाक रगड़ कर माफी नहीं मांगेंगे तब तक उन्हें क्षमा नहीं किया जाएगा। उनकी जहां जहां भी कथाएं होंगी श्याम भक्त उनका विरोध करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष