home page

चिंगारी देख तुरंत रुकवाई ट्रेन, संभावित हादसा टला

 | 
चिंगारी देख तुरंत रुकवाई ट्रेन, संभावित हादसा टला


सजग ड्यूटी के लिए पॉइंट्समैन जितेंद्र कुमार को महाप्रबंधक स्तर का पुरस्कार

जोधपुर, 08 सितम्बर (हि.स.)। दूधिया-सतलाना स्टेशनों के बीच ट्रेन के वैगन से चिंगारी निकलती देख उसे तुरंत रुकवाने और संभावित हादसा टालने वाले जोधपुर मंडल के पॉइंट्समैन जितेंद्र कुमार को सजग ड्यूटी के लिए महाप्रबंधक स्तर पर पुरस्कृत किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने मंगलवार को उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया।

जितेंद्र कुमार ने गत नौ अगस्त को दूधिया-सतलाना के बीच किमी 689/16-17 पर गुड्स ट्रेन संख्या एमडीपीटी/एचपीजीएच में लोको से सातवें-आठवें वैगन की ओर चिंगारी निकलती देखी। उन्होंने तत्काल मामले की गंभीरता को भांपते हुए ट्रेन रुकवाई। जांच में ब्रेक ब्लॉक जाम मिला,जिसे क्रू ने रिलीज कर आइसोलेट किया और इसके बाद ट्रेन का संचालन किया गया। जितेंद्र की सतर्कता से समय रहते खराबी का पता चल गया और संभावित रेल दुर्घटना टल गई। उनकी इस सजगता और समर्पण के लिए महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने उन्हें पुरस्कृत किया। मुख्यालय में आयोजित संरक्षा बैठक में शामिल नहीं हो पाने के कारण मंगलवार को मंडल स्तर पर उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम,वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश