home page

जोधपुर एकेडमी बनी चैंपियन, रोमांचक पेनाल्टी शूटआउट में झुंझुनू को हराया, U-20 स्टेट फुटबॉल कप का समापन

 | 
जोधपुर एकेडमी बनी चैंपियन, रोमांचक पेनाल्टी शूटआउट में झुंझुनू को हराया, U-20 स्टेट फुटबॉल कप का समापन


चित्तौड़गढ़, 10 अप्रैल (हि.स.)। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के निर्देश व राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के मार्गदर्शन में जिला फुटबॉल संघ चित्तौड़गढ़ की और से आयोजित राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सैनिक स्कूल मैदान पर हुआ। निर्णायक का फैसला पेनल्टी शूट आउट से हुआ और जोधपुर एकेडमी की टीम चैंपियन बनी। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का शानदार संगम देखने को मिला।

आयोजन समिति के धर्मेन्द्रसिंह तंवर ने बताया कि फाइनल मुकाबला जोधपुर एकेडमी और झुंझुनू की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्धारित समय तक कोई गोल नहीं होने दिया। मुकाबला बराबरी पर समाप्त होने के बाद पेनल्टी शूट आउट का सहारा लिया गया। इसमें जोधपुर एकेडमी ने 4–2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। वहीं झुंझनू की टीम उप विजेता रही। आयोजन समिति के फैसल खान ने बताया कि चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। इसी प्रतियोगिता के माध्यम से राजस्थान टीम का चयन किया जाएगा, जो छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेगी। इधर,

फाइनल मैच के बाद आयोजित समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर दर्शकों ने तालियों की गूंज से उनका उत्साह बढ़ाया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि छोटीसादड़ी के पूर्व प्रधान मनोहर लाल आंजना रहे, जबकि अध्यक्षता जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष पूरण आंजना ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष भैरूलाल चौधरी, पूर्व सरस डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जगपुरा, राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटरी दिलीप सिंह शेखावत, निंबाहेड़ा नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष सुभाष चंद्र शारदा, निंबाहेड़ा क्रय विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष गोपाल आंजना, गंगरार के पूर्व प्रधान रविंद्र सिंह राणावत, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रकाश चौधरी, जिला फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष मनोज पारख, उपाध्यक्ष रामकिशन चौधरी, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष गोविन्द शर्मा, राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी एवं ऑब्जर्वर रफीक अहमद आदि थे।अतिथियों के आगमन पर मेवाड़ी पगड़ी पहना कर, उपर्णा ओढ़ा कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। मुख्य अतिथि मनोहर लाल आंजना सहित सभी अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल को किक मार कर मैच का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल