राज्य हैंडबॉल रेफरी कोर्स में फिटनेस, तकनीकी ज्ञान और रेफरिंग कौशल पर जोर
जयपुर, 19 जून (हि.स.)। राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ द्वारा 17 से 21 जून 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय हैंडबॉल रेफरी कोर्स के तीसरे दिन प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता, तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक रेफरिंग कौशल के विकास पर विशेष फोकस किया गया।
सुबह के सत्र में अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल महासंघ (आईएचएफ) के मानकों के अनुरूप रेफरी प्रतिभागियों की शारीरिक दक्षता का आकलन करने के लिए मल्टीस्टेज फिटनेस टेस्ट (बीप टेस्ट) आयोजित किया गया। इसके बाद खेल मैदान पर आधिकारिक हैंड सिग्नलों का अभ्यास और प्रदर्शन कराया गया।
थ्योरी सत्र में आईएचएफ नियम पुस्तिका के नवीनतम संस्करण का अध्ययन कराया गया। इसमें विशेष रूप से नियम-8 (फाउल एवं असभ्य आचरण) तथा नियम-16 (दंड) पर विस्तार से चर्चा की गई। दूसरे सत्र में प्रतिभागियों को आईएचएफ की नवीनतम व्याख्याओं और संशोधनों से संबंधित वीडियो क्लिप्स दिखाए गए, जिनमें गोलकीपर के सिर पर हिट और थ्रो-ऑफ क्षेत्र से जुड़े उल्लंघनों की व्याख्या प्रमुख रही।
शाम के सत्र में रेफरी प्रतिभागियों को मैच परिस्थितियों के अनुरूप नियमों के अनुप्रयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कोर्स विशेषज्ञों ने उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन कर त्रुटियों की पहचान की और सुधार के लिए आवश्यक सुझाव दिए। इसके साथ ही प्रतिभागियों को आधिकारिक स्कोर शीट को सही एवं व्यवस्थित तरीके से भरने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ के मानद सचिव यश प्रताप सिंह ने बताया कि यह कोर्स प्रतिभागियों को आईएचएफ के नवीनतम मानकों के अनुरूप शारीरिक तैयारी, सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध करा रहा है, जिससे वे भविष्य में उत्कृष्ट रेफरी के रूप में अपनी भूमिका निभा सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

