home page

निकाय चुनाव : मतदान के बाद राज्य अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पहुंचे डीजीपी

 | 
निकाय चुनाव : मतदान के बाद राज्य अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पहुंचे डीजीपी


निकाय चुनाव : मतदान के बाद राज्य अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पहुंचे डीजीपी


जयपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। निकाय चुनाव के तहत पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने शुक्रवार को अपने मताधिकार का प्रयोग किया। डीजीपी अपनी धर्मपत्नी भावना शर्मा के साथ नगर निगम के वार्ड 82 में गांधीनगर स्थित अधिशासी अभियंता पीएचईडी कार्यालय दक्षिण परिसर में कमरा नम्बर 5 में बने मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान किया। उन्होंने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी निभाई।

मतदान के बाद डीजीपी शर्मा ने आम मतदाताओं से भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए राजस्थान पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मतदान केंद्रों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

मतदान के बाद डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने पुलिस मुख्यालय स्थित राज्य स्तरीय अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पहुंचकर निकाय चुनाव के द्वितीय चरण को लेकर राज्यभर की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कानून व्यवस्था वीके सिंह भी मौजूद रहे। अभय कमांड सेंटर में वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न निकाय क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चुनावी गतिविधियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की निगरानी की। अधिकारियों ने कई निकाय क्षेत्रों से जमीनी हालात की जानकारी भी ली तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। इस दौरान डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप, विकास शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) वी.के.सिंह ने बताया कि अभय कमांड सेंटर से निकाय चुनाव के दौरान प्रदेशभर की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश