home page

जलकुंड में खड़े होकर विधि-विधानपूर्वक तर्पण, संतों और शहीदों के नाम से भी अर्पित किया जा रहा जल

 | 
जलकुंड में खड़े होकर विधि-विधानपूर्वक तर्पण, संतों और शहीदों के नाम से भी अर्पित किया जा रहा जल


बीकानेर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। पितृपक्ष के अवसर पर बीकानेर के नत्थूसर गेट के बाहर स्थित भगवान सूर्य मंदिर में विशेष तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन मदन गोपाल शर्मा के सानिध्य में चल रहा है। कार्यक्रम के दौरान पंडित योगेश भादानी द्वारा विधि-विधानपूर्वक नित्य कर्म एवं पूजा-अर्चना करवाई जा रही है।

तर्पण कार्यक्रम में बीकानेर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य राजेंद्र व्यास ‘ममू महाराज’, अरविंद भादानी, नवनीत पुरोहित, राजा व्यास, अजय पारीक, सुखदेव आचार्य, जगदीश शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु एवं धर्मप्रेमीजन प्रमुख रूप से भाग ले रहे हैं।

कार्यक्रम की विशेषता यह है कि श्रद्धालु सूर्य मंदिर परिसर स्थित जलकुंड में खड़े होकर विधि-विधानपूर्वक तर्पण कर रहे हैं। तर्पण के दौरान पूजन सामग्री में विशेष रूप से काले तिल और पुष्प का उपयोग किया जा रहा है। श्रद्धालु मंत्रोच्चार के साथ जल अर्पित कर अपने पितरों एवं दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना कर रहे हैं।

आयोजन की एक विशेष परंपरा यह है कि यहां केवल अपने पितरों के लिए ही तर्पण नहीं किया जाता, बल्कि देश के संत-महात्माओं, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों तथा समाज के लिए अपना योगदान देने वाले विभिन्न लोगों के नाम से भी श्रद्धापूर्वक तर्पण किया जाता है।

देश के महान संतों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए बाबा नीम करोली, देवघर बाबा, बीकानेर के संत रामसुखदास जी महाराज, गंगाई नाथ जी महाराज सहित अनेक संतों के नाम से भी तर्पण किया जा रहा है। इसके साथ ही बीकानेर के साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों तथा दिन-दुखी एवं जरूरतमंद लोगों के नाम से भी विशेष रूप से तर्पण किया जाता है।

तर्पण कार्यक्रम का समापन 10 अक्टूबर को अमावस्या के दिन हेमाद्रि संकल्प और तर्पण विशेष हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ किया जाएगा। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पितरों एवं दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।

पितृपक्ष के दौरान आयोजित इस विशेष तर्पण कार्यक्रम में श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा के साथ भाग ले रहे हैं तथा अपने पितरों के साथ-साथ संतों, महापुरुषों, साहित्यकारों, समाजसेवियों और राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीरों का भी स्मरण कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव