home page

स्प्रिंग फैशन शो 24 जुलाई को होगा आयोजन:उभरते डिज़ाइनर्स और मॉडल्स को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

 | 
स्प्रिंग फैशन शो 24 जुलाई को होगा आयोजन:उभरते डिज़ाइनर्स और मॉडल्स को मिलेगा राष्ट्रीय मंच


जयपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। राजधानी जयपुर में 24 जुलाई को मान पैलेस में आयोजित होने वाला 'स्प्रिंग फैशन शो' उभरते भारतीय फैशन डिज़ाइनर्स, मॉडल्स और क्रिएटिव प्रोफेशनल्स को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देगा। ईस्टर्न क्राफ्ट एंड कल्चर की ओर से आयोजित इस फैशन शो में देशभर के युवा डिज़ाइनर्स अपने समकालीन कलेक्शन प्रस्तुत करेंगे, जिनमें भारतीय वस्त्र परंपरा और आधुनिक फैशन का अनूठा समन्वय देखने को मिलेगा।

ईस्टर्न क्राफ्ट एंड कल्चर के संस्थापक एवं आयोजक नदीम खान ने बताया यह आयोजन केवल रैंप शो नहीं, बल्कि फैशन, नवाचार और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का ऐसा मंच होगा, जहां उभरती प्रतिभाओं को उद्योग जगत, फैशन विशेषज्ञों, मीडिया और प्रमुख ब्रांड्स से जुड़ने का अवसर मिलेगा। नई पीढ़ी के मॉडल्स भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर फैशन इंडस्ट्री में पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे।

खान ने बताया कि स्प्रिंग फैशन शो का उद्देश्य युवा डिज़ाइनर्स और मॉडल्स को पेशेवर मंच उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए नए अवसरों से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि आज फैशन संस्कृति, पहचान और नवाचार का सशक्त माध्यम बन चुका है और इस पहल के जरिए भारतीय प्रतिभाओं को वैश्विक स्तर के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

सह-संस्थापक एवं अभिनेता-मॉडल सागर खरबंदा ने कहा कि रैंप पर प्रस्तुत होने वाला प्रत्येक कलेक्शन मौलिकता, उत्कृष्ट शिल्पकला और रचनात्मकता का परिचायक होगा, जिससे वैश्विक फैशन जगत में भारत की पहचान और मजबूत होगी।

आयोजन यूनाइटेड नेशंस ग्लोबल पीस काउंसिल और इवेंट एक्सपो इंडिया के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। वहीं, प्रख्यात फैशन ब्रांड लेबल गैरी टैलेंट पार्टनर के रूप में जुड़ा है। आयोजकों का कहना है कि इन संस्थाओं के सहयोग से उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ भारतीय फैशन को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयां मिलेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश