home page

राजस्थान में मार्च अंत तक जारी रह सकता है आंधी-बारिश का दौर

 | 
राजस्थान में मार्च अंत तक जारी रह सकता है आंधी-बारिश का दौर


जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में पिछले सप्ताह से शुरू हुआ आंधी-बारिश का सिलसिला मार्च के अंत तक जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 26 से 31 मार्च के बीच प्रदेश में दो अलग-अलग मौसमी सिस्टम सक्रिय हो सकते हैं, जिससे कई इलाकों में फिर से मौसम बदलेगा। हालांकि 24 और 25 मार्च को प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।

पिछले 24 घंटे में राजधानी जयपुर सहित हनुमानगढ़, झुंझुनूं समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई। वहीं कोटा, बारां और अजमेर में दोपहर के समय कहीं-कहीं तेज बारिश हुई। कोटा में कुछ स्थानों पर झमाझम बारिश देखने को मिली, जबकि झालावाड़, सवाई माधोपुर और बूंदी क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई।

सोमवार सुबह जयपुर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। शहर में आठ मिमी, शाहपुरा में पांच मिमी और जालसू में एक मिमी वर्षा मापी गई। बारिश के बाद दिनभर बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट आ गई।

जयपुर में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, बीकानेर और श्रीगंगानगर में 22 मार्च को हुई बारिश के बाद तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे बना हुआ है। सोमवार को बाड़मेर में सबसे अधिक 35.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इसके अलावा बीकानेर में 33, चूरू में 32.4, जैसलमेर में 33.4, जोधपुर में 34.3, गंगानगर में 32.5 और उदयपुर में 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 24-25 मार्च को मौसम साफ रहेगा। इसके बाद लगातार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं 29 से 31 मार्च के बीच एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में मेघगर्जन, आंधी और बारिश का दौर तेज हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित