जयपुर सहित 12 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश
जयपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश में मानसून एक्टिव होते ही बारिश का सिलसिला चालू हो गया है। शुक्रवार को जयपुर सहित करीब 12 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश खैरथल-तिजारा के कोटकासिम में 45 मिमी दर्ज की गई। बारिश का यह दौर 16 सितम्बर तक देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने बारिश को देखते हुए किसानों के लिए भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जयपुर, पिलानी, अलवर, बारां, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर और खैरथल-तिजारा सहित कुछ अन्य शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। अलवर में शुक्रवार दोपहर बाद मौसम बदला और तेज बारिश हुई। बरसात से कई इलाकों में पानी भर गया। बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर सिस्टम के असर से राज्य में मानसून की बारिश हो रही है। शुक्रवार को 40.1 डिग्री के साथ बीकानेर का दिन और 28.6 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र शुक्रवार को दक्षिणी उड़ीसा व उत्तरी आंध्रप्रदेश से लगे बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। इसके आगामी दिनों में धीरे-धीरे मध्य भारत से होकर पश्चिम की ओर आगे बढऩे की प्रबल संभावना है। मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर, जबलपुर व कम दबाव के क्षेत्र से होकर गुजर रही है। शुक्रवार को भरतपुर, जयपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश देखने को मिली, बाकी इलाके शुष्क रहे। 12 से 16 सितंबर के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर संभाग के कुछ और भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। 13-14 सितंबर को कोटा, उदयपुर संभाग व आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर संभाग के जिलों में 13 से 16 सितंबर को कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं पक कर तैयार एवं खुले आसमान में रखी खरीफ की फसलों को भीगने से बचाने के लिए किसान व्यवस्था रखे। कृषि एवं अनाज मंडियों में खुले आसमान में रखे अनाज एवं जिंसों को भीगने से बचाने के समुचित उपाय करें। फसलों में कीटनाशक व अन्य रसायन का छिड़काव आगामी दिनों में बारिश की संभावना को ध्यान में रखकर किया जाए।
जयपुर में दिनभर धूप खिली और दोपहर बाद आसमान में हल्के बादल नजर आने लगे। शाम होते-होते काले घने बादल आसमान में छा गए और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। इससे जयपुर के दिन के पारे में हल्की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 35.6 और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के पारे में 0.5 डिग्री की गिरावट तो वहीं रात के पारे में 0.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। आगामी दिनों में जयपुर में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश

