डीग में तेज रफ्तार कार का कहर, पांच किलोमीटर के दायरे में 10 लोगों को मारी टक्कर; चालक फरार
भरतपुर, 24 जून (हि.स.)। जिले के कामां थाना क्षेत्र में बुधवार को एक तेज रफ्तार कार ने जमकर कहर बरपाया। कार चालक ने करीब पांच किलोमीटर के दायरे में 10 लोगों को टक्कर मार दी। इनमें कुछ लोग पैदल जा रहे थे, जबकि कुछ तीर्थराज विमल कुंड की परिक्रमा कर रहे थे। हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार होने लगा, लेकिन अक्खड़वाड़ी मोड़ के पास कच्चे रास्ते पर कार पलट गई। इसके बाद चालक कार से निकलकर मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की शुरुआत कोसी चौराहे से हुई, जहां कार सवार ने सबसे पहले पैदल जा रहे एक युवक को टक्कर मारी। युवक के गिरने के बाद भी चालक नहीं रुका और तेज गति से कार दौड़ाता रहा। लोगों ने उसका पीछा किया तो वह नगर पालिका रोड की ओर मुड़ गया। इसी दौरान चालक ने रास्ते में खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी और फिर तीर्थराज विमल कुंड की परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं को भी अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुई घटना से वहां भगदड़ मच गई, लेकिन आरोपित ने कार नहीं रोकी और अक्खड़वाड़ी मोड़ की ओर भाग निकला।
अक्खड़वाड़ी मोड़ पर कच्चे रास्ते में कार अनियंत्रित होकर पलट गई। चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और जाम लग गया। बाद में लोगों ने जाम खुलवाने के लिए कार को धक्का देकर गड्ढे में पलट दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार के नंबर के आधार पर चालक की तलाश शुरू कर दी है। सभी घायलों को कामां के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से पांच गंभीर घायलों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया है।
घायल हुए लोगों में लक्ष्मी (28) निवासी इंदौली, सोना (30) निवासी घाटा, अमरचंद (50), गीता (42) निवासी गुरुग्राम, लज्जा (35) निवासी छीछरवाड़ी, सुनीता (40), मुकेश (40) निवासी परमदरा, सुमित (17) निवासी कामां, रामभरोसी (70) निवासी कामां और कुमकुम (9) निवासी छीछरवाड़ी घायल हुए हैं। इनमें लक्ष्मी, सोना, गीता, मुकेश और रामभरोसी को गंभीर हालत में भरतपुर रेफर किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

