तेज रफ्तार बोलेरो ने दो बाइकों को मारी टक्कर, आरएसी हेड कॉन्स्टेबल समेत तीन की मौत
डूंगरपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले के वरदा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक तेज रफ्तार बोलेरो ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में राजस्थान सशस्त्र कांस्टेबलरी (आरएसी) के हेड कॉन्स्टेबल समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
वरदा थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार रात आंतरी गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने सबसे पहले एक बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक पर 13वीं आरएसी बटालियन में हेड कॉन्स्टेबल एवं डूंगरपुर जिला कारागृह में तैनात धुलसिंह चौहान (55) और उनके चचेरे भाई महिपाल सिंह (54) सवार थे। दोनों ड्यूटी पूरी कर अपने गांव लौट रहे थे। टक्कर लगते ही दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन कुछ दूरी पर उसने दूसरी बाइक को भी टक्कर मार दी। इस बाइक पर सवार दिनेश रोत (21) और संदीप रोत (29) गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने धुलसिंह चौहान और दिनेश रोत को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिपाल सिंह को उदयपुर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। घायल संदीप रोत का डूंगरपुर अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फरार बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हेड कॉन्स्टेबल धुलसिंह चौहान का उनके पैतृक गांव वरदा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। पुलिस ने उन्हें अंतिम गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले दिनेश रोत उदयपुर में डीएमएलटी (डिप्लोमा इन मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी) की पढ़ाई कर रहे थे। वह किसान परिवार से थे और अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़े बेटे थे। उनकी असमय मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

