home page

विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत 2.40 लाख से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए

 | 
विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत 2.40 लाख से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए


जयपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजस्थान में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए संचालित विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत 1 से 20 अक्टूबर 2026 तक कुल 2,40,534 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से 18–19 वर्ष आयु वर्ग के युवा एवं प्रथम बार मतदान के लिए पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर फोकस किया जा रहा है। इस अवधि में युवा एवं जोड़े जाने से शेष रहे अन्य आयु वर्गों में फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने के लिए कुल 7,78,147 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

दोनों आयु वर्गों में प्राप्त आवेदनों की स्थिति

विशेष अभियान के तहत 18–19 वर्ष आयु वर्ग में कुल 4,30,701 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 1 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त 31,600 अग्रिम आवेदन भी शामिल हैं। वहीं, 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग में 1 से 20 अक्टूबर 2026 तक कुल 3,47,446 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

इस प्रकार दोनों आयु वर्गों में नाम जोड़ने के लिए कुल 7,78,147 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों में से 3,52,778 आवेदनों के संबंध में 7 दिवस की आपत्ति अवधि पूर्ण होने के उपरांत कार्यवाही की जाएगी।

2.40 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम जोड़े गए

महाजन ने बताया कि 1 से 20 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त आवेदनों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) द्वारा सकारात्मक निर्णय के उपरांत दोनों आयु वर्गों में कुल 2,40,534 पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं। इनमें 18–19 वर्ष आयु वर्ग के 58% आवेदनों का निस्तारण कर 1,39,972 तथा 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के 54% आवेदनों का निस्तारण कर 1,00,562 मतदाता शामिल किये गये हैं। शेष आवेदनों के संबंध में कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।

दोनों आयु वर्गों में अग्रणी जिले

18–19 वर्ष आयु वर्ग:

मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु प्राप्त आवेदनों की उपलब्धि के प्रतिशत के आधार पर बूंदी, भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर, टोंक, बालोतरा, चूरू, कोटपूतली-बहरोड़ एवं सवाई माधोपुर अग्रणी जिलों में शामिल हैं।

20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग:

1 से 20 अक्टूबर 2026 के दौरान प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर जयपुर, अलवर, चूरू, करौली, जोधपुर, सीकर, उदयपुर, भीलवाड़ा, पाली एवं बांसवाड़ा अग्रणी जिले रहे हैं।

विधानसभा क्षेत्रवार प्रदर्शन

18–19 वर्ष आयु वर्ग:

आवेदन प्राप्ति की उपलब्धि प्रतिशत के आधार पर बसेड़ी, गुड़ामालानी, कठूमर, अलवर ग्रामीण, नदबई, खेरवाड़ा, सपोटरा, लाडनूं, बाड़ी एवं वैर अग्रणी विधानसभा क्षेत्रों में शामिल हैं।

20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग:

प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर झोटवाड़ा, विद्याधर नगर, टोडाभीम, सुजानगढ़, बानसूर, गंगापुर, श्रीमाधोपुर, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, हिण्डौन एवं जालौर अग्रणी विधानसभा क्षेत्र रहे हैं।

आठ विधानसभा क्षेत्रों को प्रगति में सुधार के लिए चेतावनी

महाजन ने यह भी बताया कि मतदाता पंजीकरण अभियान की समीक्षा के दौरान पूर्व में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस (वीसी) की समीक्षा तथा 20 अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट में लगातार न्यूनतम प्रगति वाले विधानसभा क्षेत्रों में शामिल पाए जाने पर आठ विधानसभा क्षेत्रों को प्रगति में सुधार के लिए चेतावनी दी गई है। इनमें नोखा, रामगंज मंडी, बाड़मेर, शिव, घाटोल, दांतारामगढ़, सांगोद एवं चौहटन शामिल हैं।

संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विधानसभा क्षेत्रों में पात्र युवा एवं नवमतदाताओं के पंजीकरण की गति बढ़ाएं, नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करें तथा दैनिक प्रगति की नियमित समीक्षा करें।

महाजन ने बताया कि पात्र नागरिक ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

राज्य में अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को अभियान की निरंतर निगरानी करने तथा प्राप्त आवेदनों का शीघ्र एवं नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश