home page

एसपी धर्मेंद्रसिंह की पहली क्राइम मीटिंग, बोले- अपराधियों की अवैध संपत्ति होगी फ्रीज, अवैध खनन बर्दाश्त नहीं

 | 
एसपी धर्मेंद्रसिंह की पहली क्राइम मीटिंग, बोले- अपराधियों की अवैध संपत्ति होगी फ्रीज, अवैध खनन बर्दाश्त नहीं


चित्तौड़गढ़, 30 मई (हि.स.)। नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में जिले के पुलिस अधिकारियों की पहली अपराध गोष्ठी ली। बैठक में एएसपी, डीएसपी व सभी थानाधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि आदतन अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, स्थाई वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी व सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करी, अवैध हथियार, संगठित अपराध व अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों की और से अर्जित अवैध संपत्तियों का चिन्हीकरण कर नियमानुसार फ्रीज व जब्त किया जाए। अपराध से अर्जित संपत्ति पर प्रहार करना अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने का प्रभावी माध्यम है। पुलिस अधीक्षक ने अवैध खनन पर गंभीर चिंता जताई। कहा कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी थाना अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। गोष्ठी में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई, साइबर अपराधों की रोकथाम, प्रभावी गश्त व्यवस्था, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना है। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से टीम भावना से काम कर जिले में शांति, कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। बैठक में एएसपी चित्तौड़गढ़ मुकुल शर्मा, एएसपी रावतभाटा भगवतसिंह, समस्त डीएसपी, थानाधिकारी, एसपी ऑफिस के अपराध सहायक जोधाराम पुलिस निरीक्षक सहित कार्यालय की सभी शाखाओं के प्रभारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल