home page

रबी में 5.75 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में होगी विभिन्न फसलों की बुवाई

 | 
रबी में 5.75 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में होगी विभिन्न फसलों की बुवाई


बीकानेर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में इस रबी सीजन 5.75 लाख हैक्टेयर क्षेत्रफल में विभिन्न फसलों की बुवाई के आंकडे़ कृषि आयुक्तालय से प्राप्त हुए हैं। संयुक्त निदेशक (कृषि) मदनलाल ने बताया कि इस वर्ष रबी में सरसों 1.90 लाख हैक्टेयर, चना 1.50 लाख हैक्टेयर, गेहूं 1.20 लाख हैक्टेयर, तारामीरा 20 हजार हैक्टेयर, जौ 15 हजार हैक्टेयर व 80 हजार हैक्टेयर में जीरा, मैथी, ईसबगोल इत्यादि की बुवाई के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। सिंचित क्षेत्र में उपलब्ध जल की मात्रा के मध्यनजर निर्धारित बुवाई क्षेत्रफल से अधिक भी बुवाई संभावित है।

वर्तमान में रबी सीजन में बुवाई प्रारंभिक अवस्था में है, जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। जिले में यूरिया 11559 टन, डीएपी 1899 टन, एसएसपी 4355 टन, एनपीके 1675 टन व एमओपी 587 टन उपलब्ध है। गुण नियंत्रण कार्यक्रम को ओर अधिक सशक्त/प्रभावी बनाने, निरीक्षण प्रकिया को पारदर्शी बनाने एवं कृषि आदान विकेताओं की रियल टाईम मोनिटरिंग के लिए मोबाईल ऐप विकसित किया गया है।

आयुक्त (कृषि) नरेश कुमार गोयल के निर्देशानुसार जिले के समस्त कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा राज एग्री क्यूसी ऐप से उर्वरकों का ऑनलाइन निरीक्षण किया जा रहा है।

उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि उर्वरकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अनियमितता पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिये कृषि विभाग द्वारा विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान संचालित किया जा रहा है। गुणवत्ता नियंत्रण के लिए कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा औचक निरीक्षण किये जा रहे हैं।

उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण एवं आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जा रही है। जिससे किसानों को समय पर गुणवत्ता युक्त उर्वरक मिल सके। उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों की टेगिंग रोकने के लिये विभाग द्वारा सख्त निर्देश जारी किये गये हैं। कृषि आदान विक्रेता स्तर पर अनियमितता पाये जाने पर नियमानुसार विक्रेता के विरूद्ध विभाग द्वारा कठोर कार्यवाही की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव