सिपाही हो तो रामनिवास कड़वा जैसा
अजमेर, 23 अप्रैल (हि.स.)। जिला पुलिस के एक सिपाही ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण पेश करते हुए खोया हुआ कीमती सोने का कड़ा खोजकर महिला को लौटाया। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने सिपाही रामनिवास कड़वा (बेल्ट नंबर 489) को 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को शाम करीब 5:45 बजे पुष्कर क्षेत्र निवासी लीसा पाराशर स्कूटी से गंज तिराहा से फगवाड़ा सर्कल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान मोबाइल फोन आने पर उन्होंने स्कूटी रोककर कॉल रिसीव किया। इस दौरान हाथ में पहना करीब तीन तोला सोने का कड़ा (कीमत लगभग 5.50 लाख रुपये) अनजाने में गिर गया, जिसकी उन्हें जानकारी नहीं हुई। घर पहुंचने पर कड़ा गायब मिलने से वे घबरा गईं और बेहोश हो गईं, जिन्हें परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। सिपाही रामनिवास कड़वा ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक युवक को कड़ा उठाकर ले जाते हुए देखा गया। इसके बाद सिपाही ने 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों के आधार पर रूट चार्ट तैयार कर युवक का पता लगाया और उसके घर पहुंचकर कड़ा बरामद कर लिया।
बाद में पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में कड़ा महिला और उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सिपाही की सराहना करते हुए कहा कि कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार कार्मिकों को भविष्य में भी इसी प्रकार सम्मानित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

