home page

दीपावली और छठ पूजा के लिए शुरू होगी सोगरिया–दानापुर पूजा स्पेशल ट्रेन, यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सुविधा

 | 
दीपावली और छठ पूजा के लिए शुरू होगी सोगरिया–दानापुर पूजा स्पेशल ट्रेन, यूपी-बिहार जाने वाले यात्रियों को मिलेगी सुविधा


काेटा, 10 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर उत्तर प्रदेश एवं बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे द्वारा संचालित सोगरिया–दानापुर साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन का संचालन आज शनिवार, 10 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। गाड़ी संख्या 09823 सोगरिया–दानापुर पूजा स्पेशल आज रात 11:10 बजे सोगरिया स्टेशन से अपनी पहली यात्रा पर रवाना होगी। इस ट्रेन में फिलहाल सीटें उपलब्ध हैं, जिससे त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों को आरक्षण का बेहतर अवसर मिल रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 09823/09824 सोगरिया–दानापुर–सोगरिया साप्ताहिक पूजा स्पेशल दोनों दिशाओं में 6-6 ट्रिप लगाएगी। यह ट्रेन प्रयागराज, बक्सर, आरा एवं दानापुर सहित उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रमुख स्टेशनों तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध कराएगी।

गाड़ी संख्या 09823 सोगरिया–दानापुर पूजा स्पेशल 10, 17, 24 एवं 31 अक्टूबर तथा 7 एवं 14 नवंबर 2026 को प्रत्येक शनिवार रात 23:10 बजे सोगरिया से रवाना होगी। कोटा मंडल में यह ट्रेन बारां 23:53 बजे, सालपुरा अगले दिन 00:28 बजे तथा छबड़ा गुगोर 00:48 बजे पहुंचेगी। ट्रेन रविवार रात 23:45 बजे दानापुर पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 09824 दानापुर–सोगरिया पूजा स्पेशल 12, 19 एवं 26 अक्टूबर तथा 2, 9 एवं 16 नवंबर 2026 को प्रत्येक सोमवार 00:15 बजे दानापुर से रवाना होगी। मंगलवार को छबड़ा गुगोर 01:03 बजे, सालपुरा 01:18 बजे और बारां 01:53 बजे होते हुए सुबह 03:45 बजे सोगरिया पहुंचेगी।

यह ट्रेन दोनों दिशाओं में सोगरिया, बारां, सालपुरा, छबड़ा गुगोर, रूठियाई, गुना, अशोक नगर, सागर, दमोह, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा एवं दानापुर स्टेशनों पर ठहरेगी।

दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह विशेष ट्रेन अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराएगी। विशेष रूप से प्रयागराज, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बक्सर, आरा, पटना एवं आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सीटों की उपलब्धता के अनुसार समय रहते आरक्षण करा लें। यात्रा से पूर्व ट्रेन के समय, ठहराव एवं अद्यतन स्थिति की जानकारी एनटीईएस, रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा अधिकृत रेलवे पूछताछ माध्यमों से प्राप्त करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव