एसएमएस अस्पताल की इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर में 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर
जयपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। सवाई मानसिंह अस्पताल की इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर में मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब आंख, नाक, कान और गले से संबंधित समस्याओं के उपचार के लिए 24 घंटे वरिष्ठ चिकित्सक ऑन कॉल उपलब्ध रहेंगे। वहीं, मेडिसिन, अस्थि रोग, सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों की ड्यूटी रोटेशन के आधार पर लगाई जाएगी। इससे मरीजों को उपचार के लिए अलग-अलग विभागों और अस्पताल भवनों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने इस संबंध में संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर नई ड्यूटी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के अनुसार, मेडिसिन, अस्थि रोग, सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के विभागाध्यक्षों को चार-चार सीनियर रेजीडेंट डॉक्टर रोटेशन के आधार पर नियुक्त करने को कहा गया है, ताकि इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर में हर समय चिकित्सकों की उपलब्धता बनी रहे। वहीं, नेत्र रोग और ईएनटी विभाग को 24 घंटे ऑन कॉल वरिष्ठ चिकित्सक की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
दीपावली के दौरान एसएमएस अस्पताल में विशेष चिकित्सकीय व्यवस्था की गई थी। इस दौरान मरीजों को मिली सुविधाओं और बेहतर व्यवस्थाओं को देखते हुए अस्पताल अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने प्रिंसिपल को इस व्यवस्था को सामान्य दिनों में भी लागू रखने का सुझाव दिया था। इसके बाद प्रिंसिपल ने नई ड्यूटी व्यवस्था के आदेश जारी किए।
फिलहाल अस्पताल की इमरजेंसी में मेडिसिन विभाग के डॉक्टर नियमित रूप से ड्यूटी देते हैं, जबकि सर्जरी और एनेस्थीसिया विभाग के चिकित्सक ऑन कॉल रहते हैं। नई व्यवस्था के तहत इन विभागों के सीनियर रेजीडेंट की रोटेशन से ड्यूटी लगाने पर इमरजेंसी में चिकित्सकीय सेवाओं की उपलब्धता बढ़ेगी।
अस्पताल की इमरजेंसी में अक्सर आंख, नाक, कान और गले से जुड़ी समस्याओं वाले मरीज पहुंचते हैं। वर्तमान व्यवस्था में ऐसे मरीजों को प्रारंभिक जांच के बाद कई बार उपचार के लिए चरक भवन भेजना पड़ता है। वहां संबंधित विभाग के सीनियर रेजीडेंट उपलब्ध नहीं होने पर मरीजों को इंतजार करना पड़ता है। नई ऑन कॉल व्यवस्था से जरूरत पड़ने पर संबंधित वरिष्ठ चिकित्सक को बुलाकर मरीज को इमरजेंसी में ही उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
ओपीडी समय के बाद सड़क दुर्घटनाओं सहित अन्य हादसों में घायल ऐसे मरीज भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचते हैं, जिनकी आंख, नाक या गले में चोट लगी होती है। ऐसे मामलों में संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता के लिए इंतजार करना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने से ट्रॉमा के मरीजों को समय पर विशेषज्ञ परामर्श और उपचार मिल सकेगा। साथ ही जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन की प्रक्रिया में होने वाली देरी और परेशानियों को भी कम करने में मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

