home page

स्टीयरिंग फेल होते ही पेट्रोल पंप में घुसी स्लीपर बस

 | 
स्टीयरिंग फेल होते ही पेट्रोल पंप में घुसी स्लीपर बस


दाैसा, 08 जुलाई (हि.स.)। जयपुर से आगरा जा रही एक निजी स्लीपर बस बुधवार सुबह दौसा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गई। बस की स्टीयरिंग अचानक फेल होने से वह अनियंत्रित होकर जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित संवास के एक पेट्रोल-सीएनजी पंप की सुरक्षा दीवार तोड़ते हुए खेत में जा घुसी। हादसे में तीन यात्री घायल हो गए, जबकि बस में सवार अन्य यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।

राहत की बात यह रही कि बेकाबू बस पेट्रोल और सीएनजी डिस्पेंसिंग मशीनों से महज कुछ फीट की दूरी से गुजर गई। यदि बस मशीनों से टकरा जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और भारी जनहानि की आशंका थी।

घटना बुधवार सुबह हुई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार बस लहराते हुए पेट्रोल पंप परिसर में प्रवेश करती दिखाई दे रही है। बस पहले सुरक्षा दीवार तोड़ती है और फिर सीएनजी व पेट्रोल डिस्पेंसिंग मशीनों के बेहद करीब से गुजरते हुए खेत में जाकर रुक जाती है। हादसे के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कर्मचारी और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे, जबकि आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

हादसे के समय बस में कुल 14 यात्री सवार थे।

दुर्घटना में तीन यात्रियों को चोटें आईं, जिन्हें तत्काल सिकराय उपजिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार किया गया। मानपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बाद में क्रेन की सहायता से बस को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस की स्टीयरिंग फेल होना सामने आया है। पुलिस बस की तकनीकी स्थिति की भी जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जिस तरह पेट्रोल और सीएनजी मशीनों के बेहद करीब से निकली, उससे कुछ पल के लिए सभी की सांसें थम गई थीं।

यदि बस मशीनों से टकरा जाती तो आग लगने या विस्फोट जैसी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। समय रहते बस का खेत में जाकर रुकना कई लोगों की जान बचाने वाला साबित हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित