home page

चलती बस में ड्राइवर-कंडक्टर के झगड़े के बीच पलटी स्लीपर बस, महिला की मौत; 15 यात्री घायल

 | 
चलती बस में ड्राइवर-कंडक्टर के झगड़े के बीच पलटी स्लीपर बस, महिला की मौत; 15 यात्री घायल


भरतपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। जिले के सेवर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक निजी स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार धौलपुर से जयपुर जा रही निजी स्लीपर बस में करीब 40 यात्री सवार थे। हादसा रात करीब 11 बजे भरतपुर के दारापुर गांव के पास ऊंचा नगला चौकी क्षेत्र में हुआ, जब तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में घायल यात्री सुनील निवासी बानपुर (धौलपुर) ने बताया कि वह अपनी मां गुड्डी के साथ बस में यात्रा कर रहा था। उसके अनुसार बस का चालक और परिचालक कथित रूप से शराब के नशे में थे और चलती बस में किराए को लेकर आपस में विवाद कर रहे थे।

इसी दौरान चालक तेज गति से बस चला रहा था, जिससे बस का नियंत्रण बिगड़ गया और वह पलट गई।

हादसे के बाद घायलों को एंबुलेंस की सहायता से भरतपुर के आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने महिला यात्री गुड्डी को मृत घोषित कर दिया। अन्य करीब 15 घायलों का उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों को छुट्टी दे दी गई।

सेवर थाना के एएसआई वृंदावन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही के कारण हादसा होना सामने आया है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यात्रियों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के बाद यदि चालक और परिचालक के शराब के नशे में होने या अन्य लापरवाही की पुष्टि होती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित