डिवाइडर पार कर पलटी स्लीपर बस, तीन की मौत, 20 से ज्यादा घायल
कोटा, 16 अप्रैल (हि.स.)। शहर के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में नयागांव पुलिया के पास बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसा रात में उस समय हुआ जब एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में घुस गई और पलट गई।
पुलिस के अनुसार निजी कंपनी की यह बस अहमदाबाद से ग्वालियर-भिंड जा रही थी, जिसमें अधिकांश यात्री मध्यप्रदेश के थे। बस के पलटते ही उसमें सवार यात्री अंदर फंस गए और कई लोग टूटे कांच से बाहर सड़क पर गिर गए। हादसे में जिन तीन लोगों की मौत हुई, वे ड्राइवर केबिन में बैठे थे। बस पलटने के दौरान केबिन का फ्रंट मिरर टूट गया और ये लोग सड़क पर गिर गए। उसी समय सामने से आ रहे ट्रॉले ने उन्हें कुचल दिया। मृतकों में से दो की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब ढाई घंटे तक राहत कार्य चलाकर घायलों को बाहर निकाला। कई यात्री बस के अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें कांच तोड़कर बाहर निकाला गया। घायलों को कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे को लेकर अलग-अलग कारण सामने आ रहे हैं। यात्रियों का दावा है कि बस के फ्रंट मिरर पर किसी ने पत्थर मारा था, जिससे चालक घबरा गया और बस का नियंत्रण खो बैठा। वहीं पुलिस के अनुसार सड़क पर अचानक किसी जानवर के आने की आशंका भी जताई जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और बस चालक भी गंभीर रूप से घायल है, जिससे पूछताछ के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे में घायल यात्रियों ने बताया कि बस अचानक लहराने लगी और कुछ ही क्षणों में पलट गई। अधिकतर यात्री उस समय सो रहे थे, जिससे कई लोग सीटों के नीचे दब गए। कुछ यात्रियों ने कांच तोड़कर खुद को और अपने परिजनों को बाहर निकाला।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

