home page

हाईवे पर खड़े ट्रेलर में घुसी स्लीपर बस, ड्राइवर समेत महिला यात्री की मौत-16 घायल

 | 
हाईवे पर खड़े ट्रेलर में घुसी स्लीपर बस, ड्राइवर समेत महिला यात्री की मौत-16 घायल


जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे-48 पर बुधवार देर रात सड़क हादसे में स्लीपर बस खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसे में बस चालक और एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

हादसा कोटपूतली स्थित बीडीएम अस्पताल के सामने फ्लाईओवर पर हुआ। मकराना से हरिद्वार जा रही बस में करीब 22 यात्री सवार थे। जैसे ही बस फ्लाईओवर पर चढ़ी, सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। बताया जा रहा है कि ट्रेलर चालक ने न तो कोई संकेतक लगाया था और न ही पार्किंग का कोई बोर्ड। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर में रखे सरिए बस के केबिन को चीरते हुए अंदर तक घुस गए, जिससे बस चालक चंद्रमोहन (55) निवासी लाड़ौली (नागौर) और एक महिला यात्री बिच्छू देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद आस-पास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कई यात्री बस में फंस गए थे, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को राजकीय बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

कोटपूतली थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात सुचारू किया गया। ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर बिना संकेत के खड़ा ट्रेलर इस हादसे का मुख्य कारण बना।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित