home page

सिंगल यूज़ प्लास्टिक काे लेकर फैक्ट्री-दुकानों पर छापे, 230 किलो प्लास्टिक जब्त

 | 
सिंगल यूज़ प्लास्टिक काे लेकर फैक्ट्री-दुकानों पर छापे, 230 किलो प्लास्टिक जब्त


जयपुर, 17 मार्च (हि.स.)। प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम जयपुर ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न फैक्ट्रियों और दुकानों पर छापामार अभियान चलाया। इस दौरान सिंगल यूज़ प्लास्टिक और प्लास्टिक कैरी बैग का अवैध भंडारण व विक्रय करते पाए जाने पर करीब 230 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया तथा संबंधित व्यापारियों से 1.10 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त डॉ गौरव सैनी के निर्देश पर उपायुक्त (स्वास्थ्य) मृणाल कुमार के नेतृत्व में गठित चालान प्रकोष्ठ टीम ने राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, जयपुर (दक्षिण) के सहायक पर्यावरण अभियंता के साथ संयुक्त रूप से की।

इस दौरान निगम टीम ने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की।

नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण और बिक्री पूर्णतः निषिद्ध है, इसके बावजूद कुछ व्यापारी नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

निगम आयुक्त डॉ गौरव सैनी ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें, अन्यथा भविष्य में और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश