उपनिरीक्षक व प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2025 का शांतिपूर्ण समापन, कड़ी सुरक्षा के बीच हुई परीक्षा
अजमेर, 06 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2025 का सोमवार को प्रदेशभर में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित समापन हो गया। परीक्षा के दोनों सत्रों में अभ्यर्थियों की उपस्थिति लगभग समान रही।
प्रथम सत्र में सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा में करीब 61.56 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि द्वितीय सत्र में सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान की परीक्षा में 61.12 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। जिले में 64 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 20 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत थे। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से एक घंटे पूर्व सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। नकल रोकने के लिए विशेष सावधानियां बरती गईं। अभ्यर्थियों से जूते बाहर उतरवाए गए तथा फुल बाजू की शर्ट पहनने पर रोक लगाई गई। कई अभ्यर्थियों को शर्ट उतारकर बनियान में ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना पड़ा। इसके अलावा मेटल के बटन भी कटवाए गए, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना समाप्त हो सके।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिले में 800 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे, वहीं 100 अतिरिक्त पुलिसकर्मी अन्य जिलों से बुलाए गए। वर्दीधारी के साथ-साथ सादा वर्दी में भी पुलिस बल की तैनाती रही।
आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सभी विभागों के समन्वय और कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

