home page

नाथद्वारा में होगा कवि देवीलाल जोशी के काव्य-संग्रह ‘शुभम्-सौंदर्य’ का लोकार्पण

 | 
नाथद्वारा में होगा कवि देवीलाल जोशी के काव्य-संग्रह ‘शुभम्-सौंदर्य’ का लोकार्पण


नाथद्वारा में होगा कवि देवीलाल जोशी के काव्य-संग्रह ‘शुभम्-सौंदर्य’ का लोकार्पण


डूंगरपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। वागड़ अंचल के शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं सांस्कृतिक चिंतक देवीलाल जोशी के नवीन काव्य-संग्रह ‘शुभम्-सौंदर्य’ का लोकार्पण 9 अगस्त को राजसमंद जिले के नाथद्वारा में आयोजित किया जाएगा। राजस्थान साहित्य अकादमी द्वारा चयनित इस कृति के विमोचन समारोह में प्रदेश के साहित्यकार, शिक्षाविद्, सांस्कृतिक चिंतक एवं प्रबुद्धजन भाग लेंगे।

डूंगरपुर जिले के पुनाली गांव निवासी देवीलाल जोशी लंबे समय से शिक्षा, साहित्य और भारतीय संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे होराइजन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के निदेशक एवं संचालक हैं। उनकी नवीन कृति ‘शुभम्-सौंदर्य’ को राजस्थान साहित्य अकादमी की चयन प्रक्रिया में स्थान मिलने से वागड़ अंचल के साहित्य जगत में उत्साह है।

जोशी ने बताया कि ‘शुभम्-सौंदर्य’ का अर्थ कल्याणकारी, पवित्र और आनंददायक सौंदर्य है। भारतीय दर्शन के ‘सत्यम्, शिवम्, सुन्दरम्’ सिद्धांत से प्रेरित इस काव्य-संग्रह में जीवन-दर्शन, मानवीय संबंध, सामाजिक चेतना, राष्ट्रभावना, अध्यात्म, प्रेम, प्रकृति और सौंदर्य जैसे विषयों को कविताओं के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया है।

संग्रह की रचनाओं में जीवन के यथार्थ, आत्ममंथन और मानवीय संवेदनाओं को प्रमुखता दी गई है। वहीं, ‘लोक मंगल तुलसी’, ‘कविवर तुलसीदास’, ‘फक्कड़ निर्गुण कबीर पंथ’, ‘गुरु-शिष्य आह्वान’ और ‘गुरु बिन ज्ञान नहीं’ जैसी रचनाओं के माध्यम से भारतीय संत परंपरा, लोकमंगल, गुरु परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों को रेखांकित किया गया है। ‘विश्व पटल–हिंदी महके’ कविता में हिंदी भाषा की राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक पहचान को भी स्वर दिया गया है।

इस काव्य-संग्रह की विशेषता इसकी मौलिक ‘शुभम् छन्द’ शैली है, जिसका सृजन स्वयं देवीलाल जोशी ने किया है। इससे पूर्व उनकी पुस्तक ‘शुभम् भवन्तु शुभम्’ भी पाठकों के बीच सराही जा चुकी है। इसके अलावा उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता पर आधारित पुस्तकों, स्थानीय इतिहास तथा 100 से अधिक लोकगीत, गरबा और प्रेरक गीतों की भी रचना की है। श्वेतवर्णा प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इस कृति के लोकार्पण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में प्रदेशभर से साहित्य प्रेमी और विद्वान भाग लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष