home page

श्री शिव पुराण कथा में उमड़ा जनसैलाब, भक्ति में डूबा जयपुर

 | 
श्री शिव पुराण कथा में उमड़ा जनसैलाब, भक्ति में डूबा जयपुर


जयपुर, 20 मार्च (हि.स.)। मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड में जयपुर परिवार सेवा ट्रस्ट के बैनर तले कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की श्री शिव पुराण कथा शुक्रवार से शुरू हो गई। कथा के पहले ही दिन विशाल पांडाल में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां भक्त कथा श्रवण कर भाव-विभोर हो उठे।

कथा के दौरान पं. मिश्रा ने कहा कि शिव महापुराण को केवल सुना नहीं, बल्कि महसूस किया जाता है। उन्होंने “एक लोटा जल, हर समस्या का हल” का महत्व बताते हुए कहा कि सच्ची आस्था से भगवान शिव को जल अर्पित करने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं। बिल्व पत्र, शमी पत्र और अक्षत अर्पित करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

कथावाचन के बीच कई श्रद्धालुओं को मंच पर बुलाकर उनके अनुभव साझा कराए गए, जिसमें भक्तों ने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों का उल्लेख किया। पं. मिश्रा ने कहा कि जिस परिवार में शिव भक्त होता है, उसके पुण्य से अन्य सदस्य भी कथा श्रवण के लिए आकर्षित होते हैं।

कथा के दौरान सिंजारा महोत्सव भी मनाया गया। भगवान शिव और गौरा के सोलह श्रृंगार पर आधारित भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। व्यास पीठ पर ईसर-गौरा स्वरूप में आए यजमानों के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया।

आयोजन समिति के अनुसार सात दिवसीय कथा में कई श्रद्धालु पूरे समय पांडाल में रहकर कथा श्रवण करेंगे। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। कार्यक्रम में विभिन्न यजमानों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

यह धार्मिक आयोजन जयपुर में आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश