home page

श्रीराम मंदिरों में किशोर जी का पंचामृत से जन्माभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई

 | 
श्रीराम मंदिरों में किशोर जी का पंचामृत से जन्माभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई


जयपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। जनकनंदिनी सीताजी का जन्मोत्सव जानकी नवमी के रूप में शनिवार को छोटीकाशी में भक्तिभाव से मनाया गया। श्रीराम मंदिरों में किशोरजी का पंचामृत से जन्माभिषेक कर नवीन पोशाक धारण कराई गई । ऋतु पुष्पों से मनोरम श्रृंगार कर बधाइयां गाईं गई। फल, खिलौने, टॉफी, चॉकलेट की उछाल की गई। गालव ऋषि की तपस्थली श्रीगलताजी में जानकी नवमी का मुख्य उत्सव स्वामी अवधेशाचार्य महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ।

चांदपोल बाजार स्थित प्राचीन श्री रामचंद्र जी मंदिर में जानकी नवमी का पर्व भक्ति भाव से मनाया गया। सुबह भगवान श्री रामचंद्र जी और माता जानकी का वेदमंत्रों के साथ पंचामृत अभिषेक किया गया । इसमें विशेष रूप से 101 किलो देसी गाय के दूध का उपयोग किया गया । अभिषेक के बाद भगवान का बहुमूल्य रत्नजडि़त आभूषणों एवं सुगंधित पुष्पमालाओं से श्रृंगार किया गया । भगवान को सोने एवं चांदी के चरण आभूषण कड़े, चरण फूल एवं पायल धारण करवाई गई ।

दोपहर 2 बजे सीताजी की जन्म आरती हुई। सुबह से रात्रि तक निरंतर बधाई उत्सव का आयोजन हुआ , जिसमें भजन-कीर्तन, उछाल कि गई । उल्लेखनीय है कि वर्ष में केवल जानकी नवमी के दिन ही माता सीता के चरणों के दर्शन होते हैं। इस दुर्लभ अवसर का लाभ लेने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु मंदिर पहुंचे ।

वहीं समाज श्री सीताराम जी छोटी चौपड़ के तत्वावधान में मंदिर श्री सीताराम जी छोटी चौपड़ पर राम-जानकी महोत्सव का आयोजन सुबह 9 बजे से श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। मंदिर महंत नंद किशोर महाराज के सानिध्य में सुबह 9 बजे पांच पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ माता सीता का 51 किलो दूध, दही एवं पंचामृत से अभिषेक किया। इसके बाद मंदिर महंत ठाकुर जी और सीताजी का विशेष श्रृंगार किया गया । इस विशेष दिन का भक्तों को वर्ष भर इंतजार रहता है, क्योंकि इसी अवसर पर श्रद्धालुओं को माता सीता के चरणों के दर्शन प्राप्त होते हैं। महोत्सव के दौरान समाज के भक्तों द्वारा बधाई गान किया गया । दोपहर एक बजे महाआरती का भव्य आयोजन किया गया । इस अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों एवं बंदनवार से आकर्षक रूप से सजाया गया ।

इसके अलावा खोले के हनुमान जी स्थित सीताराम मंदिर में जानकी नवमी पर सीताजी का जन्माभिषेक किया गया । सोडाला, आदर्श नगर, स्टेशन रोड, मुरलीपुरा स्कीम स्थित श्रीराम मंदिरों में भी जानकी नवमी धूमधाम से मनाई गई ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश