home page

पांच सौ किलो पुष्पों से सजे दिव्य कुंड में कराया श्री कृष्ण-बलराम को जल विहार

 | 
पांच सौ किलो पुष्पों से सजे दिव्य कुंड में कराया श्री कृष्ण-बलराम को जल विहार


जयपुर, 27 जून (हि.स.)। गुप्त वृंदावन धाम में शनिवार को पानीहाटी दही-चिड़ा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम एवं श्री श्री गौर-निताई का भव्य अभिषेक, पालकी उत्सव और दिव्य जल-विहार मुख्य आकर्षण रहे। भगवान के दर्शन और आशीर्वाद के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे तथा संकीर्तन और नृत्य के साथ भक्ति का उत्सव मनाया।

महोत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण-बलराम का 30 हजार लीटर पवित्र जल से निर्मित दिव्य कुंड में जल-विहार कराया गया। इस विशेष कुंड को 500 किलो पुष्प-पंखुड़ियों, सात पवित्र नदियों के जल, गुलाब जल, केवड़ा जल तथा सुगंधित इत्र से सजाया गया। वहीं भगवान श्री श्री गौर-निताई का फलों के रस एवं पुष्पों से महाभिषेक भी किया गया।

इस अवसर पर वर्ष में केवल एक बार बनने वाले 21 प्रकार के विशेष चिड़ा-दही का महा भोग अर्पित किया गया, जिसे श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में वितरित किया गया।

गुप्त वृंदावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने बताया कि पश्चिम बंगाल के पानीहाटी गांव में नित्यानंद प्रभु और श्रील रघुनाथ दास गोस्वामी की पहली भेंट की स्मृति में यह उत्सव मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि श्री नित्यानंद प्रभु के आदेश पर श्रील रघुनाथ दास गोस्वामी ने भक्तों को दही के साथ मिश्रित चावल (चिड़ा-दही) वितरित किए थे। इसी घटना की स्मृति में मनाया जाने वाला यह उत्सव दंड महोत्सव के नाम से भी प्रसिद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश