home page

लेक्चरर आयुष विभाग भर्ती परीक्षा के तीन विषयों की विचारित सूची जारी

 | 
लेक्चरर आयुष विभाग भर्ती परीक्षा के तीन विषयों की विचारित सूची जारी


अजमेर, 2 जुलाई(हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा लेक्चरर (आयुष विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 अंतर्गत पंचकर्म, कायचिकित्सा एवं अगद तंत्र के लिए विचारित सूची जारी की गई है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

आयोग सचिव ने बताया कि इस भर्ती के तहत कंप्यूटर बेस्ड रिक्रूटमेंट टेस्ट के माध्यम से लिखित परीक्षाओं का आयोजन 12 जनवरी 2026 को किया गया था। इनमें उपस्थित पंचकर्म एवं कायचिकित्सा के 6 - 6 एवं अगद तंत्र के 7 अभ्यर्थियों को पात्रता जांच के लिए अस्थाई रूप से विचारित सूची में सम्मिलित किया गया है।

विचारित सूची चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता सुनिश्चित करने के क्रम में केवल दस्तावेज सत्यापन के उद्देश्य से है। यह चयन सूची अथवा वरीयता सूची नहीं है। अंतिम रूप से सफल अभ्यर्थियों की सूची संबंधित विभाग (आयुष विभाग) द्वारा दस्तावेज सत्यापन कराए जाने के पश्चात आयोग द्वारा जारी की जाएगी।

विचारित सूची में सम्मिलित अभ्यर्थी को विस्तृत आवेदन-पत्र ऑनलाइन भरने होंगे। विस्तृत आवेदन पत्र ऑनलाइन भरने का लिंक 8 से 14 जुलाई 2026 (रात्रि 11.59) तक खोला जाएगा। अभ्यर्थी को ऑनलाइन आवेदन तथा दस्तावेज सत्यापन के संबंध में आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना भी आवश्यक रूप से सुनिश्चित करनी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष