ईडबल्यूएस सरलीकरण को लेकर शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी का स्वागत
बीकानेर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। आर्थिक पिछड़ा वर्ग (ईडबल्यूएस) नियमों में सरलीकरण और व्यावहारिक बदलाव की मांग को लेकर निकाली जा रही ईडबल्यूएस सरलीकरण यात्रा के दूसरे चरण में राजस्थान में बाड़मेर जिले के शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। यहां उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में युवा जुटे। कस्बे के मुख्य बाजार में सड़क के दोनों ओर युवाओं का हुजूम नजर आया। भाटी के काफिले के पहुंचने पर दोनों तरफ से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
भाटी की यह यात्रा ईडबल्यूएस व्यवस्था से जुड़े नियमों को सरल बनाने की मांग को लेकर निकाली जा रही है। यात्रा के दौरान ईडबल्यूएस प्रमाण-पत्र की वैधता बढ़ाने, राजस्थान में जारी ईडबल्यूएस प्रमाण-पत्र को केंद्रीय सेवाओं में मान्यता देने तथा सरकारी भर्तियों में आयु सीमा और आवेदन शुल्क में राहत जैसी मांगें उठाई जा रही हैं।
श्रीडूंगरगढ़ के बाद भाटी का काफिला कालू और लूणकरणसर होते हुए बीकानेर पहुंचने का कार्यक्रम है।
निगम वार्ड 44 के पार्षद शुभकरण गहलोत और उनकी टीम भी स्वागत की तैयारियों में जुटी रही। शहर में अलग-अलग स्थानों पर स्वागत कार्यक्रमों की तैयारियां की गयीं।
ईडबल्यूएस सरलीकरण यात्रा का पहला चरण 25 सितंबर को बाड़मेर से शुरू हुआ था और पांच दिवसीय यात्रा का समापन जोधपुर में हुआ था। अब दूसरे चरण में बीकानेर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए यात्रा बीकानेर शहर पहुंच रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

