शनि जयंती पर मंदिरों में होंगे विशेष धार्मिक आयोजन
जोधपुर, 15 मई (हि.स.)। भगवान शनिदेव की जयंती शनिवार को शहर में धूमधाम से मनाई जाएगी। इस दौरान मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे।
शास्त्री नगर स्थित शनिधाम में शनि जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर के महंत पंडित हेमंत बोहरा ने बताया कि 13 वर्षों बाद शनिवार को शनि जयंती आई है जो सभी के लिए शुभ फलदायक है। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक मनोरथों के आयोजन होंगे। रात आठ बजे महाआरती होगी। आरती के पश्चात् भोजन प्रसादी भण्डारा होगा। मन्दिर में दर्शन सुबह छह बजे से रात बारह बजे तक खुले रहेंगे।
वहीं चौपासनी रोड स्थित श्री जूनाखेड़ापति हनुमान मंदिर में भगवान शनिदेव की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। ट्रस्ट के अध्यक्ष कमलेश पुरोहित ने बताया कि शनिवार को सुबह 10 बजे भगवान शनिदेव का सामूहिक तेलाभिषेक किया जाएगा। वहीं शाम 7.30 बजे प्रसिद्ध भजन गायक डॉ. इंद्रजीत छंगाणी के सान्निध्य में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।
इसी तरह प्रताप नगर स्थित हनुमान शानिधाम शनि जयंती 16 मई को धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। मंदिर के पुजारी गोपाल महाराज ने बताया कि हनुमान शनि धाम में दिनभर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह मन्दिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया जाएगा। उसके बाद सुबह 10.30 बजे सर्व बाधा निवारण हवन का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर मंदिर पर दर्शनार्थ आने वाले भक्तों को 23 हजार मंत्रों से सिद्ध शनि मुद्रिकाएं निशुल्क दी जाएगी। दोपहर सवा बारह बजे 251 किलो मालपुओं का भोग लगाया जाएगा। भोग के बाद प्रसादी भक्तों में वितरित की जाएगी। दोपहर बाद भक्ति संगीत का कार्यक्रम होगा, जिसमें भजन गायक विक्की मनचला, सुरेश राव तथा राजेश गुप्ता एवं उनके साथियों द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

