home page

शक्ति वंदन महोत्सव में नारी शक्ति का सम्मान में इक्कीस महिलाएं हुईं सम्मानित

 | 
शक्ति वंदन महोत्सव में नारी शक्ति का सम्मान में इक्कीस महिलाएं हुईं सम्मानित


जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। निवर्तमान महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित दो दिवसीय शक्ति वंदन महोत्सव का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। महोत्सव में हजारों महिलाओं और युवतियों ने विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के विशेष सत्र में राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रमुख कार्यवाहिका सीता ताई ने कहा कि इतिहास के हर युग में मातृशक्ति ने समाज और राष्ट्र की दिशा बदली है। उन्होंने कहा कि नारी सम्मान मांगने से नहीं, बल्कि कर्म, आत्मबल और संकल्प से प्राप्त होता है।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सालभर कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि देश में सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में महिलाओं के लिए सकारात्मक वातावरण बन रहा है। उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों और कानूनों के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान करीब 1000 बच्चियों का सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण किया गया और महिलाओं के लिए तलवारबाजी का आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। महोत्सव में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 21 महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने महिला उद्यमिता पर प्रेरक संबोधन दिया। “स्वस्थ नारी–समृद्ध समाज” विषय पर आयोजित सत्र में विशेषज्ञों ने सर्वाइकल कैंसर जागरूकता पर जानकारी दी।

कार्यक्रम में जेन-जी युवाओं ने भजन जैमिंग प्रस्तुत की और महिलाओं ने फूलों की होली खेली। समापन पर डॉ. सौम्या गुर्जर ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश