home page

सेवा शिविरों ने बदली ग्रामीणों की जिंदगी

 | 
सेवा शिविरों ने बदली ग्रामीणों की जिंदगी


किसी को मिली सुरक्षा की ढाल, तो किसी को खेती का संबल

जोधपुर, 19 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आमजन को राहत मिलने के साथ प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

ग्राम डेरिया निवासी गोमद कंवर ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत अपनी दो गायों का बीमा कराया था, लेकिन बीमा पॉलिसी प्राप्त नहीं होने से वे लंबे समय से चिंतित थीं।

ग्रामीण सेवा शिविर में समस्या सामने आने पर विभागीय टीम ने तत्काल रिकॉर्ड की जांच कर पॉलिसी उपलब्ध करवाई। शिविर में तहसीलदार राजेन्द्र परिहार एवं विकास अधिकारी चम्पालाल आचार्य ने उन्हें बीमा पॉलिसी प्रदान की। पंचायत समिति शेरगढ़ की ग्राम पंचायत गुमानसिंहपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान कृषि विभाग ने कृषक सूरजकंवर सहित अन्य महिला कृषकों को नि:शुल्क मोठ मिनीकिट वितरित किए।

वहीं ग्राम पंचायत केतू मदा में सोनी देवी को मूंग मिनीकिट प्रदान किया गया। ग्राम पंचायत डेरिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान परिवहन विभाग द्वारा पदम सिंह को वरिष्ठ नागरिक पास जारी किया गया। उन्होंने बताया कि अब उन्हें आवागमन में सुविधा मिलेगी और सरकारी सेवा का लाभ बिना किसी परेशानी के प्राप्त हो सकेगा।

ग्रामीण सेवा शिविरों में केवल योजनाओं का लाभ ही नहीं, बल्कि आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्राम पंचायत डेरिया में चिकित्सा विभाग द्वारा बच्चों का टीकाकरण तथा ग्रामीणों की बीपी एवं शुगर जांच की गई।

वहीं ग्राम पंचायत डेरिया एवं चांचलवा में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुपालकों को बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया। चांचलवा में उपखण्ड अधिकारी एवं विकास अधिकारी की उपस्थिति में 25 पशुपालकों को बीमा पॉलिसियां प्रदान कर उन्हें योजना से लाभान्वित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश