home page

दीपावली से पहले स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और रोशनी से जगमगाएंगे शहर

 | 
दीपावली से पहले स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और रोशनी से जगमगाएंगे शहर


जयपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को जेडीए में आयोजित सेवा सेतु शिविर का अवलोकन किया जहां उन्होंने स्वयं लाभार्थियों को पट्टे भी वितरित किए । इसके पश्चात उन्होंने प्रदेश के समस्त नगरीय निकायों की 100 दिवसीय कार्ययोजना एवं दीपावली से पूर्व की जाने वाली तैयारियों की राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन, सचिव स्वायत्त शासन विभाग रवि जैन और जयपुर नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा, जेडीए सचिव डॉ गौरव सैनी सहित अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित रहे तथा सभी नगरीय निकायों एवं नगर विकास न्यासों (यूआईटी) के आयुक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बैठक की शुरुआत में जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन एवं सचिव स्वायत्त शासन विभाग रवि जैन द्वारा पीपीटी के माध्यम से 100 दिवसीय कार्ययोजना का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया ।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने प्रदेश के समस्त नगरीय निकायों की 100 दिवसीय कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की। मुख्य सचिव ने सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने, कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों की निरंतर समीक्षा की जाए तथा प्रत्येक कार्य की प्रगति पर निगरानी रखते हुए अपेक्षित परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।

तकनीक आधारित, प्रभावी एवं समयबद्ध मॉनिटरिंग

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को तकनीक आधारित, प्रभावी एवं समयबद्ध मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। स्वच्छता एवं सुधार कार्यों की वास्तविक प्रगति सुनिश्चित करने के लिए कार्यों से पहले और बाद के दिनांकयुक्त एवं जियो-टैग फोटो तथा संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्ययोजना की उपलब्धियों को प्रथम 10 दिवस, अगले 30 दिवस, उसके बाद के 30 दिवस तथा अंतिम 30 दिवस के चरणों में दर्ज किया जाए, साथ ही संस्था प्रमुखों को पोर्टल पर अपलोड की गई प्रगति की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

मुख्य सचिव ने दीपावली के मद्देनजर प्रदेश के शहरों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, शहरों के सौंदर्यीकरण, आकर्षक रोशनी एवं आवश्यक रखरखाव के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान की शुरुआत प्रत्येक अधिकारी अपने कार्यालय से करे, ताकि स्वच्छता का संदेश व्यवहार में भी दिखाई दे और इसका प्रभाव पूरे शहर में नजर आए।

मुख्य सचिव ने दीपावली के अवसर पर बाजारों एवं प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में आकर्षक रोशनी और सजावट को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर रोशनी, स्वच्छता, सजावट एवं अन्य उत्कृष्ट व्यवस्थाएं करने वाले व्यापार मंडलों को पुरस्कृत करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इससे बाजारों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलेगा और शहरों का उत्सवी स्वरूप और अधिक आकर्षक बनेगा।

मुख्य सचिव ने अन्नपूर्णा रसोइयों का नियमित निरीक्षण करने तथा वहां संचालित व्यवस्थाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को समय-समय पर रसोइयों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा।

मुख्य सचिव ने दीपावली से पूर्व शहरों में सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यक रखरखाव कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निशमन प्रणालियों एवं उपकरणों का आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में इनका प्रभावी उपयोग किया जा सके।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी नगरीय निकाय निर्धारित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करते हुए स्वच्छ, सुंदर, रोशन एवं सुव्यवस्थित शहरों की दिशा में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि दीपावली के अवसर पर आमजन को बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश