home page

सेवा संकल्प यात्रा सेवा भाव के माध्यम से जन-जन को जोड़ रही : उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा

 | 
सेवा संकल्प यात्रा सेवा भाव के माध्यम से जन-जन को जोड़ रही : उप मुख्यमंत्री डॉ. बैरवा


बीकानेर, 24 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को नोखा के बाबा छोटूनाथ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में ‘सेवा संवाद कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा यात्रियों के साथ संवाद का वर्चुअल प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर से कार्यक्रम को संबोधित किया, जबकि उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने मार्गदर्शन प्रदान किया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ में शामिल सेवा यात्रियों से संवाद किया।

उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा केवल बाइक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा को संकल्प के रूप में जन-जन तक पहुंचाने वाली यात्रा है। यह सेवा भाव के माध्यम से लोगों को जोड़ने और सेवा का संदेश पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र प्रेम, राष्ट्र भक्ति और गरीब कल्याण से जुड़ा रहा है।

बैरवा ने कहा कि राजस्थान शौर्य और संकल्प की धरती है तथा राज्य सरकार का ध्येय विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और क्षेत्र तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहे हैं। गरीब एवं वंचित वर्ग के उत्थान, युवाओं को अवसर, महिलाओं के सशक्तीकरण तथा किसानों, पशुपालकों और श्रमिकों के कल्याण के प्रयासों से विभिन्न वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य हुआ है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक बिहारीलाल बिश्नोई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 25 वर्षों से सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। उनके सार्वजनिक जीवन से सेवा भाव, राष्ट्रहित और जनकल्याण को प्राथमिकता देने की प्रेरणा मिलती है।

इस दौरान विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 25 पौधे लगाए गए। साथ ही शहीद जगदीश बिश्नोई की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और गणमान्यजन उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प यात्रा 17 सितंबर से शुरू हुई है और इसके तहत वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रियों के विभिन्न समूह सेवा, जनसंवाद एवं जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। इससे पहले उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और राजस्थान के निरंतर विकास की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव