home page

मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे, जयपुर में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’

 | 
मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे, जयपुर में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’


जयपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा ने बुधवार को देशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए। राजस्थान में भी सभी जिलों में विभिन्न कार्यक्रम हुए। जयपुर में सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के मानसरोवर स्थित वीटी रोड मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम से वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वे महत्वाकांक्षा नहीं, बल्कि मिशन के लिए जीवन जीने वाले व्यक्ति हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर को सीखने और संघर्ष से जुड़ा बताते हुए कहा कि जीवन में उन्होंने कभी यह नहीं सोचा था कि वह क्या बनेंगे। विरोध और चुनौतियों से भी उन्हें लोकतंत्र की शक्ति समझने का अवसर मिला।

उन्होंने ईश्वर से हमेशा सीखते रहने की शक्ति मांगी।

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद जयपुर में सेवा की भावना और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रतीक के रूप में मशाल प्रज्ज्वलित की गई। इसके बाद वीटी रोड मैदान से सिटी पार्क चौराहे तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मशाल लेकर यात्रा का नेतृत्व किया, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित भाजपा नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इसमें शामिल हुए। सिटी पार्क चौराहे पर मशाल स्थापित की गई।

इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गौरवशाली यात्रा के 25 वर्ष पूरे होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।

उनके अनुसार वर्ष 2014 के बाद देश में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला और सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज जनविश्वास और गारंटी का पर्याय बन चुके हैं तथा उनके नेतृत्व में राजस्थान भी अग्रणी प्रदेश की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने गुजरात के विकास को नई दिशा दी और वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद देश के विकास एवं राष्ट्र निर्माण के लिए लगातार कार्य किया। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को राजस्थान में 40 लाख दीपक जलाकर उनके प्रति जनता का आशीर्वाद व्यक्त किया गया था। अब 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा यात्रा के अवसर पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आमजन की भागीदारी रही। प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और सेवा यात्रा को जनता तक पहुंचाने का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित