प्लेननुमा संदिग्ध ड्रोन मिलने से सनसनी फैली, जांच में जुटी पुलिस
बीकानेर, 28 जुलाई (हि.स.)। जिले के महाजन पुलिस थाना क्षेत्र में रामबाग माइनर स्थित चक 3 आरबीएम के एक खेत में मंगलवार को प्लेननुमा संदिग्ध ड्रोन मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही महाजन पुलिस मौके पर पहुंची और ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सामरिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में ड्रोन मिलने की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खेत में पड़ा ड्रोन आकार में छोटे विमान जैसा दिखाई दे रहा था। खेत में काम कर रहे किसानों की नजर उस पर पड़ते ही उन्होंने तत्काल महाजन पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ड्रोन को अपने कब्जे में लेकर आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया।
ड्रोन मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों और किसानों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों में इस बात को लेकर उत्सुकता रही कि आखिर यह ड्रोन कहां से आया और खेत तक कैसे पहुंचा।
गौरतलब है कि घटना स्थल के निकट महाजन फील्ड फायरिंग रेंज स्थित है, जिसे सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। ऐसे संवेदनशील इलाके के पास संदिग्ध ड्रोन मिलने से सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। फिलहाल महाजन पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ड्रोन के वास्तविक मालिक तथा उसके उपयोग के उद्देश्य का पता लगाने का प्रयास जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

